यूरोपियन पावरहाउस जर्मनी ने पिछली हार से उबरते हुए शुक्रवार को ग्रुप ‘सी’ के अपने आखिरी लीग मैच में गिनी को 3-1 से शिकस्त देकर अंडर-17 विश्व कप के नॉकआउट का टिकट कटा लिया।
जवाहर लाल नेहरू अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मैच में जर्मनी के लिए जान फिइटे अर्प (आठवें मिनट), निकोलस कुएन (62वें मिनट) और साहवर्दी (90 प्लस 2वें मिनट) ने एक-एक गोल किया। गिनी के लिए एकमात्र गोल खेल के 26वें मिनट में इब्राहिम सौमाह ने किया।
जर्मनी को पिछले मैच में ईरान से 0-4 से हार झेलनी पड़ी थी। उसने ग्रुप में छह अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहते हुए अगले दौर के लिए क्वालीफाई किया। ईरान नौ अंकों के साथ शीर्ष पर रहा। अब 16 अक्टूबर को दिल्ली में जर्मनी की भिड़ंत ग्रुप ‘ए’ में दूसरे स्थान पर रहने वाले कोलंबिया से होगी।
गिनी और कोस्टा रिका एक-एक अंक लेकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। गिनी ने शुरू में गेंद पर 55 प्रतिशत कब्जा जमाए रखा और उन्होंने ज्यादा शॉट भी लगाए, लेकिन इनमें से ज्यादातर लक्ष्य से चूक गए। अफ्रीकी टीम ने महज दो शॉट लगाए। जर्मनी ने गिनी के गोल में 17 प्रयास किए, लेकिन इसमें से आठ ही लक्ष्य की ओर थे। हैंबर्ग के लिए बुंदेसलीगा में हाल ही में पदार्पण करने वाले जर्मनी के कप्तान अर्प ने अपनी टीम को आठवें मिनट में ही बढ़त दिला दी। उन्होंने गिनी के डिफेंडर की चूक से गोलकीपर को छकाकर गोल किया।
गिनी ने हालांकि 26वें मिनट में बराबरी हासिल की, जिसमें सौमाह ने बायें पैर से लगाए शॉट से गोल किया। जर्मनी ने पहले हाफ के अंत में बढ़त बनाने की कोशिश की लेकिन गिनी के गोलकीपर ने उनकी उम्मीदें पूरी नहीं होने दी। 42वें मिनट में इलियास अबोयुचाबाका का बाक्स से बायें पैर से लगा शॉट गिनी के गोलकीपर मुहम्मद कमारा ने बचा लिया। पहले हाफ के इंजरी टाइम में गिनी के पास बढ़त बनाने का मौका था लेकिन एगुईबोऊ कमारा के शॉट को जर्मनी के गोलकीपर लुका प्लोगमान ने बचा लिया।
दोनों टीमों को दूसरे हाफ में मौका मिला लेकिन जर्मनी ने 62वें मिनट में निकोलस के गोल से बढ़त बना ली। इसके बाद साहवर्दी ने अतिरिक्त समय में पेनाल्टी को गोल में तब्दील कर जीत का अंतर बढ़ा दिया।