गृहिणी सुविधा योजना से मिलेंगे मुफ्त गैस कनैक्शन

पात्र उपभोक्ता पंचायत या नगर निकाय कार्यालय में करें संपर्क
कुल्लू : प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से छूटने वाले गरीब परिवारों को भी अब मुफ्त गैस कनैक्शन मिल सकेंगे। इसके लिए प्रदेश सरकार ने हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना आरंभ की है। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि किसी भी श्रेणी का ऐसा गरीब परिवार या प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवार जिसके पास कोई गैस कनैक्शन नहीं है, इस योजना का लाभ उठा सकता है।
आवेदक के परिवार का कोई भी सदस्य सरकारी-अर्द्ध सरकारी नौकरी या सरकारी पैंशनर नहीं होना चाहिए। परिवार का कोई भी सदस्य आयकर दाता या सरकारी एजेंसी का पंजीकृत ठेकेदार भी नहीं होना चाहिए। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि इस योजना के आवेदन पत्र संबंधित ग्राम पंचायत सचिव या नगर निकाय के कार्यकारी अधिकारी से प्राप्त किए जा सकते हैं। मुफ्त गैस कनैक्शन के इच्छुक पात्र उपभोक्ता इन आवेदन पत्रों को भरकर तथा सभी औपचारिकताएं पूरी करके ग्राम पंचायत सचिव या नगर निकाय के कार्यकारी अधिकारी के पास जमा करवा सकते हैं। संबंधित पंचायत सचिव या नगर निकाय के कार्यकारी अधिकारी पात्र लोगों की सूची जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय को प्रेषित करेंगे। आवेदन पत्र विभाग की वैबसाइट ईहिमापूर्ति डाॅटइन से भी डाउनलोड किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय, ग्राम पंचायत या नगर निकाय कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है।
Comments (0)
Add Comment