(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : बस में ड्राइवर से झड़प करना इतना महंगा साबित हो सकता है, किसी ने सोचा भी नहीं होगा। बस ड्राइवर और एक महिला के बीच झगड़े की वजह से यात्रियों से भरी बस पुल से नदी में गिर गई। एक हैरान करने वाला विडियो सामने आया है जिसमें साफ दिख रहा है कि महिला ने ड्राइवर से मारपीट की और इसके बाद बस पुल से सीधे नदी में कूद गई। घटना में दर्जनभर से ज्यादा लोग मारे गए हैं।दरअसल एक महिला अपने स्टॉप पर नहीं उतर पाई तो वह ड्राइवर की सीट के पास झगड़ा करने पहुंच गई। महिला ने ड्राइवर के चेहरे पर अपना फोन मार दिया। इसके बाद ड्राइवर भी मारपीट करने लगा। देखते-देखते बस गलत लेन में चली गई और पुल की बाउंड्री तोड़कर नदी में कूद गई। चीन की एजेंसी के मुताबिक नदी से 13 शव निकाले गए हैं और दो लोग लापता हैं। घटना के समय बस 51 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही थी। विडियो में साफ दिखाई पड़ रहा है कि महिला और ड्राइवर बुरी तरह झगड़ रहे हैं। पीछे से यात्रियों के चिल्लाने की भी आवाज आ रही है। चीन की पुलिस का कहना है कि महिला यात्री और ड्राइवर दोनों की गलती की वजह से यात्रियों की जान गई।