हिमाचल: राजधानी में 200 सड़कें बंद होने से 350 रूट प्रभावित

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। शिमला में बर्फ के आगे व्यवस्थाएं पिघलती दिखी। तमाम प्रबंध बर्फ के आगे ढेर होते गए। भारी बर्फबारी से कुछ दिन पहले पटरी पर लौटा जनजीवन एक बार फिर पटरी से उतर गया। शिमला शहर में भी शुक्रवार को यातायात व्यवस्था सहित सभी आपात सेवाएं भी दोपहर बाद तक बाधित रही। इस कारण लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। जिला में 200 से अधिक सड़कें बंद पड़ी हैं, इसमें हिमाचल पथ परिवहन निगम सहित निजी बसों के 350 रूट प्रभावित हुए हैं। इस कारण लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को दैनिक उपयोग की वस्तुओं की आपूर्ति करना मुश्किल हो गया है। ऊपरी शिमला का संपर्क देश दुनिया से पूरी तरह कटा हुआ है। ठियोग कुफरी नारकंडा के लिए कोई भी बस या गाड़ी नहीं जा रही है। राजधानी शिमला में शुक्रवार को मार्ग बंद होने से दूध, ब्रेड, समाचार पत्र और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं की सप्लाई नहीं हो पाई।

Comments (0)
Add Comment