(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : ऑस्ट्रेलिया की एक फोटोग्राफर हीदर स्वान (50) ने विंगसूट पहनकर अंटार्कटिका के ग्लेशियरों के ऊपर से उड़ान भरी। ऐसा करने वाली वे दुनिया की पहली महिला बन गईं। 1995 में स्वान की शादी ग्लेन सिंगलमैन के साथ हुई थी।इससे पहले तक उन्हें स्काईडाइविंग का कोई अनुभव नहीं था। शादी के 23 साल बाद उन्होंने स्काईडाइविंग का इतिहास रच दिया। हीदर के साथ उनके पति ने भी अंटार्कटिका पर उड़ान भरी।हीदर और ग्लेन ने करीब 12 हजार फीट से छलांग लगाई।
उड़ान भरने के दौरान उनकी स्पीड करीब 160 किलोमीटर प्रति घंटा थी और तापमान माइनस 35 डिग्री सेल्सियस था। नीले आसमान और बर्फ की सफेद चादर के बीच उड़ान भरने के बारे में हीदर कहती हैं, ‘‘जिससे मैं सबसे ज्यादा प्यार करती हूं, उनके साथ अंटार्कटिका पर उड़ान भरना ज्यादा बड़ी बात रहा। अंटार्कटिका हमेशा से लोगों के लिए सपने की तरह रहा है।’’ हीदर के मुताबिक, ‘‘ग्लेशियर के ऊपर उड़ान भरना कमाल का अनुभव रहा। यह मेरी बीते 18 साल में सबसे शानदार स्काईडाइव रही। अंटार्कटिका के अंदरूनी इलाके तक काफी कम लोग पहुंच पाते हैं।
मैं और ग्लेन ऐसा कर पाने में कामयाब हुए। लिहाजा, मैं बहुत गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। हीदर बीते सालों में हिमालय, ऑस्ट्रेलिया के पहाड़ी इलाकों, अमेरिका के ग्रैंड केनयन समेत कई स्थानों पर स्काईडाइविंग कर चुकी हैं। हीदर विंगसूट पहनकर माउंट एवरेस्ट पर भी उड़ान भरना चाहती हैं।’’