(न्यूज़ लाइव नाऊ) : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने एक बार फिर से भारतीय संविधान के अनुच्छेद 370 को हटाने की मांग की है. RSS नेता इन्द्रेश कुमार ने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाने से भारत की कीर्ति और यश बढ़ेगा. देश का भविष्य बदलेगा और यह नई दशा और दिशा की ओर बढ़ेगा.
जयपुर में युवा दिवस के मौके पर उन्होंने युवाओं से कहा कि आपको स्वामी विवेकानंद के मार्ग पर चलकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि कश्मीर समस्या कुछ राजनीतिक परिवारों की देन है, जिन्होंने अपने फायदे के लिए वहां के लोगों को हिन्दुस्तान के खिलाफ भड़काया.
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद से भारत जूझ रहा है. साल 1972 से अब तक भारत में आतंकवाद की वजह से 66 हजार लोगों की जान जा चुकी है. इतना सब कुछ होने के बावजूद अब भी भारत-पाकिस्तान सीमा पर गोलीबारी और आतंकी घुसपैठ जारी है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार की नीतियों से आतंकवादी घटनाओं में कमी आई है.