अप्रैल में ही आएगी अक्षय-रजनीकांत की ‘2.0’

अक्षय कुमार और रजनीकांत की फ़िल्म 2.0 की रिलीज़ डेट कंफ़र्म हो गयी है। तमाम इंतज़ार के बाद शंकर निर्देशित फ़िल्म अगले साल 27 अप्रैल को सिनेमाघरों में पहुंचेगी। इस तारीख को सुनते ही आपको 2017 की सबसे बड़ी फ़िल्म ‘बाहुबली2’ की याद ज़रूर आएगी, क्योंकि इंडियन सिनेमा में इतिहास बनाने वाली फ़िल्म ‘बाहुबली2- द कंक्लूज़न’ 28 अप्रैल को दुनियाभर में रिलीज़ हुई थी।




बता दें कि 2.0 पहले 2017 में ही दिवाली पर रिलीज़ होने वाली थी, मगर पोस्ट प्रोडक्शन का काम बाक़ी रहने की वजह से इसे अगले साल 25 जनवरी तक स्थगित कर दिया गया। मगर, 2.0 इस तारीख़ को भी रिलीज़ के लिए तैयार नहीं हो सकी, लिहाज़ा फ़ाइनली निर्माताओं ने इसे अप्रैल में रिलीज़ के लिए पुश कर दिया। डेट तय नहीं की गयी थी। हालांकि कुछ ख़बरों में 13 अप्रैल को फ़िल्म रिलीज़ होने का दावा किया गया था। 2.0 के हटने से खाली हुई 26 जनवरी की डेट अक्षय ने अपनी फ़िल्म ‘पैडमैन’ के लिए बुक कर ली, जो पहले अप्रैल में रिलीज़ के लिए निर्धारित थी।


बहरहाल, 2.0 का 27 अप्रैल को रिलीज़ होना काफ़ी कुछ कहता है और उम्मीदें भी जगाता है कि 2018 में दर्शक एक और बाहुबली फ़िल्म देखने वाले हैं। 2.0 में अक्षय कुमार एक सुपर विलेन के किरदार में हैं, जिसका सामना रजनीकांत का रोबो किरदार करता हुई दिखायी देगा। फ़िल्म में एमी जैक्सन फ़ीमेल लीड रोल निभा रही हैं। ।

Comments (0)
Add Comment