अब रेलवे स्टेशन पर 20 मिनट पहले करना होगा रिपोर्ट, होगी एयरपोर्ट जैसी सुरक्षा जांच

एक फिक्स समय के बाद स्टेशन में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : अब एयरपोर्ट की तरह रेलवे स्टेशनों पर भी यात्रियों को सुरक्षा जांच की प्रक्रिया से गुजरना होगा। फ्लाइट की तरह ही अब यात्रियों को ट्रेन के तय समय से पहले स्टेशन पहुंचना होगा। एक फिक्स समय के बाद स्टेशन में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। योजना है कि सुरक्षा जांच की प्रक्रिया पूरी करने के लिए यात्रियों को तय समय से 15 से 20 मिनट पहले पहुंचना होगा।रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक अरुण कुमार ने बताया कि उच्च तकनीक वाली इस सुरक्षा योजना को इस महीने शुरू हो रहे कुंभ मेला के मद्देनजर इलाहाबाद में और कर्नाटक के हुबली रेलवे स्टेशन पर पहले से ही शुरू कर दिया गया है। साथ ही 202 रेलवे स्टेशनों पर योजना को लागू करने के लिए खाका तैयार कर लिया गया है।उन्होंने बताया, ‘योजना रेलवे स्टेशनों को सील करने की है। यह मुख्यत: एंट्री प्वाइंट्स की पहचान करने और कितनों को बंद रखा जा सकता है यह निर्धारित करने के संबंध में है। कुछ इलाके हैं जिन्हें स्थायी सीमा दीवारें बनाकर बंद कर दिया जाएगा। अन्य पर आरपीएफ कर्मियों की तैनाती होगी और उसके बाद बचे बिंदुओं पर बंद हो सकने वाले गेट होंगे।’कुमार ने कहा, ‘हर एंट्री प्वाइंट पर आकस्मिक सुरक्षा जांच होगी। बहरहाल, हवाई्अड्डों के उलट यात्रियों को घंटों पहले आने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि प्रस्थान समय से केवल 15-20 मिनट पहले आना होगा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सुरक्षा प्रक्रिया के चलते देरी न हो।’ उन्होंने कहा कि सुरक्षा बढ़ेगी, सुरक्षाकर्मियों की संख्या नहीं।

Comments (0)
Add Comment