(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : अमेरिका के फ्लोरिडा में एक फ्लाइट स्कूल के दो ट्रेनी एयरक्राफ्ट हवा में टकरा गए। इसके चलते 19 साल की भारतीय मूल की निशा सेजवाल समेत 3 लोगों को मौत हो गई। हादसा 17 जुलाई का है। ‘मियामी हेराल्ड’ ने फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के हवाले से बताया कि दोनों विमानों को संभवत: ट्रेनी पायलट उड़ा रहे थे। पुलिस ने तीन लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। एक अन्य शख्स के मारे जाने की संभावना जताई जा रही है। मियामी डेड काउंटी के मेयर के मुताबिक, “दोनों एयरक्राफ्ट्स पाइपर पीए-34 और सेसना 172 डीन इंटरनेशनल फ्लाइट स्कूल के थे। इस स्कूल के विमानों की 2007 से लेकर 2017 तक 12 से ज्यादा दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। निशा के फेसबुक पेज के मुताबिक, उसने बीते साल सितंबर में ही डीन इंटरनेशनल फ्लाइट स्कूल में दाखिला लिया था। उसने दिल्ली के एमिटी पब्लिक स्कूल और डीएवी मॉडल स्कूल से भी पढ़ाई की थी। मारे गए लोगों में जॉर्ज सांचेज (22) और राल्फ नाइट (72) भी थे। एक विमान से दो लोगों के शव और दूसरे विमान तीसरे व्यक्ति का शव मिला। मियामी पुलिस के मुताबिक, “दोनों विमानों से छात्रों को ट्रेनिंग दी जा रही थी। ऐसा लगता है कि उनमें एक पायलट-एक ट्रेनर या फिर ट्रेनर और एक छात्र रहे होंगे।” मछली पकड़ने गए शख्स ने वीडियो बनाया:इस दुर्घटना का गवाह डेनियल मिरालेस नाम का शख्स है जो एयरपोर्ट पास स्थित नहर पर मछली पकड़ने गया था। उसने दोनों विमानों के टकराने का वीडियो भी बनाया। डेनियल ने बताया, “मैंने एक अजीब से अावाज सुनी। ऐसा लगा कि वह विमान की आवाज है। आवाज कुछ ऐसी थी कि 18 पहिए वाला ट्रक 140 किमी/घंटे की रफ्तार से जा रहा हो और सड़क से उतर जाए।”