(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) : अमेरिका में एक बार फिर छात्रों को निशाना बनाया गया। पूर्वी मैरीलैंड प्रांत के एक हाईस्कूल में मंगलवार को गोलीबारी हुई, जिसमें 2 लोगों के घायल होने की खबर है, जबकि हमलावर को ढेर कर दिया गया। कहा जा रहा है कि अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन से दक्षिणपूर्व में स्थित ग्रेट मिल्स हाईस्कूल में यह घटना हुई। इस घटना में तीन लोगों को गोली लगी, जिनमें हमलावर भी शामिल था। सेंट मैरी के काउंटी पब्लिक स्कूल ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि स्कूल को बंद कर दिया गया है और स्थिति पर काबू पा लिया गया है। हालांकि इस संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।
वहीं एएफपी न्यूज एजेंसी के अनुसार, हमलावर की मौत हो गई है। मैरीलैंड के गवर्नर लैरी होगन ने सभी संभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वान दिया। बता दें कि पिछले एक महीने में किसी स्कूल में हुई गोलीबारी की यह दूसरी घटना है। इससे पहले फ्लोरिडा के स्कूल में एक हमलावर ने अंधाधुंध गोलियां बरसाकर 17 लोगों को मार डाला था।