(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : बता दें कि देश के पूर्व वित्त मंत्री अरूण जेटली की तबियत ख़राब होने के बाद उन्हें अस्पताल में ले जाया गया । सुबह करीब 10 बजे उनहें सांस लेने में दिक्कत होने और छाती में दर्द की शिकायत के बाद एम्स ले जाया गया था। वह एम्स के कार्डिएक न्यूरो सेंटर में स्थित वीवीआईपी वार्ड में भर्ती हुए हैं। अरुण जेटली का ट्रीटमेंट एंडोक्रिनोलोजिस्ट नेफ्रोलॉजिस्ट और कार्डियोलॉजिस्ट डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है। उधर जेटली का इलाज का हाल जानने के लिए पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन सहित कई वरिष्ठ नेता एम्स पहुंचे। एम्स के सूत्रों के मुताबिक खून की जांच और यूरिन प्रोफाइल की रिपोर्ट आने के बाद पूर्व वित्त मंत्री को डॉक्टरों ने भर्ती होने की सलाह दी गई। इसके बाद अरूण जेटली को एम्स में भर्ती कराया गया। एम्स के वरिष्ठï ह्दयरोग विशेषज्ञ डॉ. वीके बहल के अलावा नेफ्रोलॉजी, एंडोक्रॉइनोलॉजी, पल्मनरी मेडिसन सहित करीब पांच विभागों के वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी हुई है। सूत्रों के मुताबिक अरूण जेटली को छाती में दर्द होने के अलावा उन्हें सांस लेने में भी तकलीफ आ रही थी तो उन्हें एम्स लाया गया था। पल्मोनरी विभाग के वरिष्ठ डॉक्टरों ने उन्हें एंटीबॉयोटिक दवाओं की डोज सुबह से ही दी जा रही है। एम्स के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब पांच बजे आई मेडिकल रिपोर्ट के बाद अन्य जरूरी दवाओं का डोज भी शुरू किया गया। कुछ माह पहले उनका किडनी का प्रत्यारोपण हुआ था। उन्होंने बताया कि 66 वर्षीय अरूण जेटली के साथ उनका परिवार भी एम्स में मौजूद है। उधर, पूर्व वित्त मंत्री की तबीयत खराब होने के चलते देर शाम सबसे पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे उनसे मिलने एम्स पहुंचे। इसके बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनका हालचाल जानने एम्स पहुंचे। बता दें कि कई अन्य नेताओं का अस्पताल में आना जाना लगा हैं ।