(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) : राजस्थान के अलवर में गौ-तस्करी के शक में भीड़ द्वारा एक व्यक्ति को पीट-पीटकर मार देने के मामले में अब तक 4 पुलिसवालों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। 2 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। इस बीच अकबर उर्फ रकबर खान की एक फोटो सामने आई है। इसमें रकबर पुलिस की वैन में बैठा और जिंदा है। उसकी आंखें बंद हैं। चेहरे पर बाईं तरफ कुछ चोट के निशान भी देखे जा सकते हैं। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, रकबर की ये फोटो विश्व हिंदू परिषद (VHP) नेता नवल किशोर ने तब ली थी, जब पुलिस रकबर को ले जा रही थी।बीजेपी विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने अलवर मॉब लिंचिग को लेकर हाल ही में बड़ा बयान दिया। उनका कहना है कि गौ-तस्करी के शक में अकबर खान उर्फ रकबर की मौत भीड़ की पिटाई से नहीं, बल्कि पुलिस की मार से हुई।