अल्पेश के कांग्रेस में जाने से गुजरात चुनाव हुआ रोमांचक

अल्पेश ठाकोर गुजरात में पिछड़ा वर्ग के नेता के तौर पर उभरे हैं. उनकी छवि सामाजिक कार्यकर्ता की है. गुजरात में करीब 50 फीसदी मतदाता पिछड़ा वर्ग से आते हैं. ऐसे में इस वर्ग के नेता किसी भी दल के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं.

इसलिए ठाकोर के कांग्रेस में जाने से बीजेपी का गणित बिगड़ सकता है. अल्पेश आज कांग्रेस में शामिल होने वाले हैं. गुजरात ओबीसी एकता मंच के संयोजक ठाकोर की पिछड़ा वर्ग में जबर्दस्त अपील है. उनकी छवि इसलिए सामाजिक कार्यकर्ता की रही है, क्योंकि उन्होंने राज्य में मादक पदार्थों के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ी है. वो शराबबंदी के पक्षधर रहे हैं.


गुजरात में चुनावी सरगर्मियां तेज़ हो चुकी हैं. बीजेपी जहां अपना गढ़ बचाने की पूरी कोशिश में जुटी है तो वहीं दूसरी तरफ़ देश में लगातार सिमटती चली जा रही कांग्रेस भी जी तोड़ मेहनत कर रही है.

इस बार के गुजरात चुनाव को सबसे ज़्यादा दिलचस्प बना रही है एक युवा तिकड़ी, जिसमें शामिल हैं पाटीदार नेता हार्दिक पटेल, दलित नेता जिग्नेश मेवाणी और ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर.

शनिवार को हुई एक चुनावी उठापटक में ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का एलान कर दिया.

सोमवार को अल्पेश गांधीनगर में एक रैली करेंगे जिसमें राहुल गांधी भी शामिल रहेंगे. उसी मंच पर औपचारिक तौर पर अल्पेश कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे.

Comments (0)
Add Comment