(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : उत्तर प्रदेश में आगरा के पास यमुना एक्सप्रेस वे पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 29 लोगों की मौत हो गई। अब तक 27 लोगों को शव निकाले जा चुके हैं और ऐक्सिडेंट में जख्मी 15-16 लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। मिली जानकारी के मुताबिक, यह बस आगरा में एक्सप्रेस-वे पर ‘झरना नाला’ में जा गिरी। बताया जा रहा है कि इस बस में 50 लोग सवार थे और बस उन सभी को लेकर एक्सप्रेस वे से नीचे गिर गई। उधर, सीएम योगी आदित्यनाथ ने उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को तुरंत मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया है। साथ ही सीएम ने अस्पताल में भर्ती घायलों को इलाज में कोई दिक्कत ना हो, इसे भी सुनिश्चित करने के लिए कहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए मुआवजे की घोषणा की है। सीएम ने डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को तत्काल घटनास्थल और घायलों के उचित इलाज के लिए अस्पताल जाने के लिए कहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी डीएम को घायलों के उचित इलाज के लिए निर्देश दिया है।