(न्यूज़ लाइव नाउ ) चीन में रविवार को राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद के लिए दो कार्यकाल की निर्धारित सीमा समाप्त होने जा रही है, जिसके बाद वर्तमान राष्ट्रपति शी चिनफिंग के लिए आजीवन देश का नेता बने रहने का रास्ता साफ हो जाएगा। सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (CPC) द्वारा प्रस्तावित संशोधन को संसद से मंजूरी मिलना लगभग तय है।
पार्टी के प्रस्तावों को समर्थन करते रहने के कारण करीब तीन हजार सदस्यों वाली संसद नैशनल पीपल्स कांग्रेस को अक्सर रबर स्टांप संसद कहा जाता है। संसद के सालाना सत्र के पहले सीपीसी ने राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के लिए दो कार्यकाल की सीमा को हटाने का प्रस्ताव किया है।
माओत्से तुंग की तरह अनिश्चित काल तक फिर किसी के द्वारा सत्ता हथियाने के खतरे को देखते हुए सम्मानित नेता देंग शियोपिंग ने चीन में राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के लिए दो अधिकतम कार्यकाल यानी 10 साल तक सत्ता में रहने की सीमा तय कर दी थी। संवैधानिक बदलाव के साथ ही 64 वर्षीय शी का आजीवन चीनी राष्ट्रपति बने रहने का रास्ता प्रशस्त हो जाएगा। अभी उनका दूसरा कार्यकाल चल रहा है जो 2023 में खत्म होगा।