आज बैठेगी GST परिषद

(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) :जीएसटी परिषद की 27वीं बैठक आज यानि 4 मई को होगी। बैठक में सरलीकृत कर रिटर्न फार्म पेश किए जाने पर विचार किया जाएगा। साथ ही जीएसटी नेटवर्क को सरकारी कंपनी में तब्दील करने के प्रस्ताव पर फैसला किया जा सकता है।केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली की अध्यक्षता में परिषद की बैठक वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए होगी। परिषद में राज्यों के वित्त मंत्री शामिल हैं। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार बैठक में चीनी पर सैस नहीं लगेगा। बैठक में क्रेडिट कार्ड पेमेंट करने पर जीएसटी में 2 फीसदी तक छूट मिल सकती है।यह बैठक ऐसे समय हो रही जब माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह अप्रैल में एक लाख करोड़ रुपए से अधिक पहुंच गया। यह एक रिकार्ड है। सरकार का कुल जीएसटी संग्रह पिछले महीने 1.03 लाख करोड़ रुपए रहा। पिछले साल एक जुलाई से लागू जीएसटी संग्रह पूरे वित्त वर्ष 2017-18 में 7.41 लाख करोड़ रुपए रहा। किडनी की बीमारी से ग्रसित जेटली को डाक्टरों ने संक्रमण से बचने के लिए ज्यादा लोगों से मिलने-जुलने से मना किया है। इसीलिए बैठक वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए करने का फैसला किया गया।

Comments (0)
Add Comment