आज से जीएसटी की दरें हुईं कम, इन घरेलू सामानों की कीमतें हुईं सस्ती।

सरकार ने टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, स्टोरेज वाटर हीटर्स, हेयर ड्रायर्स, शेवर्स, मिक्सर ग्राइंडर, वैक्यूम क्लीनर पर जीएसटी 28 फीसद से घटाकर 18 फीसद कर दी है।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : जीएसटी काउंसिल ने वाइट गुड्स की जीएसटी दरों में कटौती की है, जो 27 जुलाई से लागू होगी। यानी आज के बाद से फ्रिज, वाशिंग मशीन और टीवी 7 से 8 फीसद सस्ते हो जाएंगे। दरअसल, सरकार ने टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, स्टोरेज वाटर हीटर्स, हेयर ड्रायर्स, शेवर्स, मिक्सर ग्राइंडर, वैक्यूम क्लीनर पर जीएसटी 28 फीसद से घटाकर 18 फीसद कर दी है। लिहाजा, एलजी, सैमसंग, पैनासोनिक, वर्लपूल, गोदरेज और आईएफबी जैसी वाइट गुड्स कंपनियों ने कर की दरों में हुई कटौती का सीधा लाभ ग्राहकों को देने का फैसला किया है। त्योहारी सीजन से पहले हुई दामों में कटौती से कंपनियों को भी फायदा मिलेगा और उनकी ग्रोथ बढ़ेगी। एलजी के इंडिया बिजनेस हेड (रेफ्रिजरेटर) विजय बाबू ने बताया कि कंपनी जीएसटी में कमी का पूरा फायदा 27 जुलाई से ग्राहकों को देगी। सैमसंग और गोदरेज अपने प्रोडक्ट्स के दाम में 7.81 फीसद की कटौती की करेंगी। पैनासॉनिक भी अपने प्रोडक्ट की कीमत 8 फीसद तक घटाने जा रहा है। यानी जीएसटी में कमी के बाद एलजी का 335 लीटर फ्रॉस्ट फ्री रेफ्रिजरेटर 46,490 रुपये में मिल रहा है। अब दाम में 8.5 फीसद की कमी होने के बाद उसकी नई कीमत 42,840 रुपए हो जाएगी। अभी 19,990 रुपए में मिलने वाली 6.2 किलो की टॉप लोड वॉशिंग मशीन शुक्रवार से 18,390 रुपए में मिलेगी। वहीं, गोदरेज के 190 लीटर डायरेक्ट कूल रेफ्रिजरेटर का दाम मौजूता 16,550 रुपए की जगह 15,257 रुपए में मिलेगा।

Comments (0)
Add Comment