आरटीआई के तहत नहीं मिली ‘पद्मावत’ के बारे में जानकारी

यह फिल्म 25 जनवरी को पर्दे पर आएगी।

(न्यूज़ लाइव नाऊ) लखनऊ: विवादों में घिरी निर्माता-निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ के बारे में सूचना देने से मुंबई स्थित केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सेंसर बोर्ड) ने इनकार कर दिया है। आरटीआई कार्यकर्ता इसके खिलाफ अदालत में अपील करेंगे। आरटीआई कार्यकर्ता डॉ. नूतन ठाकुर ने सेंसर बोर्ड को ‘पद्मावत’ के लिए सिनेमेटोग्राफी ऐक्ट (1952) के अंतर्गत सेंसर प्रमाणपत्र के संबंध में की गई कार्यवाही से जुड़े दस्तावेज मांगे थे। बोर्ड के जनसूचना अधिकारी संजय जायसवाल ने 2 जनवरी, 2018 को भेजे जवाब में नूतन को लिखा कि यह सूचना गोपनीय है, इसलिए नहीं दी जा सकती। नूतन का कहना है कि बोर्ड की तरफ से भेजा गया जवाब पूरी तरह गलत है। मात्र आरटीआई ऐक्ट के प्रावधानों में ही आरटीआई के तहत सूचना देने से मना किया जा सकता है, न कि किसी अभिलेख को गोपनीय बताकर। इसलिए इसके खिलाफ वह अदालत में अपील करेंगी। लंबे विवाद के बाद अब यह फिल्म 25 जनवरी को पर्दे पर आएगी। इससे पहले फिल्म को 1 दिसंबर को रिलीज किया जाना था लेकिन बढ़ते विवाद के कारण इसे टाल दिया गया था। इसके बाद सेंसर बोर्ड ने फिल्म दिखाने के लिए एक पैनल बनाया जिसमें इतिहासकार भी मौजूद थे। इस स्क्रीनिंग के बाद फिल्म को 5 संशोधन के बाद U/A सर्टिफिकेट के साथ रिलीज की मंजूरी मिल गई।

Comments (0)
Add Comment