इंडिगो, गोएयर के कुछ विमानों के उड़ान पर DGCA ने लगाई रोक

(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) उड़ान के दौरान ही इंजन फेल कर जाने की कुछ घटनाओं के बाद नागरिक विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एक खास इंजन वाले 11 विमानों का परिचालन रोक दिया है। ये सभी ए-320 नियो विमान हैं, जिनमें प्रैट एंड विटनी (पीडब्ल्यू) इंजन लगा हुआ है। रोके गए विमानों में आठ इंडिगो एयरलाइंस के, जबकि तीन गोएयर के अंदर परिचालन में थे।एक बयान में डीजीसीए ने कहा कि सुरक्षा कारणों के चलते ऐसे सभी ए-320 नियो विमानों का परिचालन तत्काल प्रभाव से रोका गया है, जिनमें 450 से ज्यादा ईएसएन क्षमता वाले पीडब्ल्यू-1100 इंजन लगे हैं। इंडिगो और गोएयर, दोनों को यह भी कहा गया है कि अगर उनके स्टॉक में और भी पीडब्ल्यू-1100 इंजन हैं, तो किसी भी सूरत में किसी अन्य विमान में उनका उपयोग नहीं किया जाए। गौरतलब है कि कुछ ही समय पहले इंडिगो एयरलाइंस के एक ए-320 नियो विमान का एक इंजन बीच यात्रा में ही फेल कर गया था और विमान की अहमदाबाद में आपात लैंडिंग कराई गई थी।

Comments (0)
Add Comment