उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने UPPCS (J) 2016 का रिजल्ट घोषित किया, लखनऊ की स्वरांगी शुक्ला रहीं अब्वल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने शुक्रवार देर शाम पीसीएस-जे 2016 का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया. पीसीएस-जे की लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के बाद 218 पदों का चयन परिणाम घोषित कर दिया गया है. लखनऊ की स्वरांगी शुक्ला ने पहला स्थान हासिल किया है. दूसरे स्थान पर दिल्ली के विनोद जोशी और तीसरे पर प्रतापगढ़ के विनोद कुमार पांडेय हैं. वहीं विनोद कुमार पाण्डेय अपने पहले ही प्रयास में तीसरे स्थान पर चयनित हुए हैं. विनोद फिलहाल इलाहाबाद में ही मनोरंजन विभाग में मनोरंजन इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं. इस पद भी उनका चयन अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के जरिए इसी साल जून के महीने में हुआ है.

इस परीक्षा के लिए 5 अक्टूबर तक इंटरव्यू चले थे और इसमें 670 अभ्यर्थी शामिल हुए. स्वरांगी ने अपने पहला ही प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की है. गुजरात नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, गांधीनगर से 2016 में पांच वर्षीय बीए-एलएलबी का कोर्स पूरा करने वाली स्वरांगी के पिता विश्वंभर दयाल शुक्ल आईपीएस हैं और फिलहाल एसआईटी में तैनात हैं. स्वरांगी ने अपनी बारहवीं तक की पढ़ाई सीएमएस लखनऊ से की है. लॉ फील्ड में अपने रुझान के चलते ही उन्होंने एलएलबी की और फिर तुरंत तैयारी में जुट गईं.

मेरिट में दूसरा स्थान हासिल करने वाले विनोद जोशी उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के रहने वाले हैं। विनोद के पिता सेना में थे और उन्होंने अपनी बीएससी कुंमायूं यूनिवर्सिटी से पूरी की. दिल्ली यूनिवर्सिटी से एलएलबी करने के बाद उन्होंने दिल्ली में रहकर ही तैयारी की. फिलहाल विनोद सीबीआई में असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर हैं और दिल्ली में ही ऐंटी करप्शन विंग में तैनात हैं. पीसीएस जे में यह उनका दूसरा प्रयास था.

Comments (0)
Add Comment