(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : एक्टर ऋतिक रोशन के फिर से शादी की खबरें हैं। साल 2014 में तलाक के बाद भी ऋतिक और सुजैन को अक्सर साथ में आउटिंग करते हुए देखा जाता रहा है। दोनों ने फैसला लिया था कि अपने टूटे रिश्ते का असर वो दोनों बच्चों पर नहीं पड़ने देंगे। इसके चलते ऋतिक और सुजैन अपने बच्चों के साथ कभी वैकेशन, कभी मूवी डेट तो कभी डिनर डेट पर देखे जाते रहे। हाल ही में ये फैमिली यानी कि ऋतिक, सुजैन, ऋहान और ऋदान फिल्म देखने साथ पहुंचीं। इनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं। तस्वीरों को देखकर आप भी यही कहेंगे सुजैन और ऋतिक का तलाक भले हो चुका हो पर दोनों की दोस्ती अब भी कायम है। खबरें ये भी है कि ऋतिक फिर से सुजैन से शादी करना चाहते हैं और इसके लिए उन्होंने अपने पापा राकेश रोशन को भी मना लिया है। सुजैन भी इसके लिए तैयार हैं। लोग कहने लगे हैं कि वो दिन दूर नहीं जब दोनों फिर से विधिवत पति-पत्नी बन जाएंगे लेकिन फिलहाल शादी की कोई खबर नहीं मिल रही है। बता दें ऋतिक और सुजैन के दूर जाने में कंगना रनौत को लेकर हुए विवाद का बड़ा हाथ था। कंगना ने जब मीडिया में ऋतिक की ई मेल्स लीक करनी शुरू की तो सबसे पहले सुजैन ही ऋतिक के समर्थन में आई थीं। इतना ही नहीं 14 साल चले इस रिश्ते के टूटने की वजह सुजैन और अर्जुन रामपाल का कथित अफेयर बता जा रहा था। हालांकि ये सभी खबरें महज अफवाहें निकली। ‘सुपर 30’ में ऋतिक पहली बार बिहारी किरदार निभा रहे हैं और लगता है अपने किरदार की बारीकियों के समझने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत भी की है जो तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है। विकास बहल द्वारा निर्देशित और साजिद नाडियाडवाला के एनजीई प्रोडक्शंस द्वारा प्रस्तुत, ऋतिक रोशन अभिनीत ‘सुपर 30’ अगले साल 25 जनवरी को रिलीज होगी।