(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : जम्मू-कश्मीर में बीते 24 घंटे में सुरक्षाबलों ने अलग-अलग मुठभेड़ में पांच आतंकियों को मार गिराया। बारामूला में गुरुवार को जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकी मारे गए। इनमें से एक आतंकी आमिर रसूल सोपोर का रहने वाला था, जबकि दूसरा पाकिस्तानी नागरिक था। बांदीपोरा के हाजिन में लश्कर कमांडर समेत दो आतंकी मारे गए। वहीं, पुलवामा हमले में शामिल सज्जाद खान दिल्ली के गिरफ्तार हुआ।उधर, शोपियां में शुक्रवार तड़के शुरू हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को एक आतंकी को मार गिराने में कामयाबी मिली है। यहां 2 से 3 आतंकी इस्लाम साहब इलाके के एक घर में छिपे हैं। सुरक्षाबलों ने एहतियातन इलाके में मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं।दूसरी ओर, सोपोर के वारपोरा में भी आतंकियों के साथ मुठभेड़ चल रही है। यहां गुरुवार को आतंकियों ने पुलिस पार्टी पर ग्रेनेड से हमला किया था। इसमें थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी जख्मी हो गए थे। इसके बाद जवानों ने अभियान चलाकर उनकी घेराबंदी की थी।उधर, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गुरुवार रात जैश के आतंकी सज्जाद खान को लालकिला इलाके से गिरफ्तार किया। वह 14 फरवरी को पुलवामा हमले के बाद से फरार था। एनआईए के मुताबिक, सज्जाद सीआरपीएफ पर हमले के मास्टरमाइंड मुदस्सिर खान का करीबी है। हमले से 10 दिन पहले उसी ने एक मारूति ईको कार खरीदी थी, जिसमें विस्फोटक रखकर धमाका किया गया। पिछले दिनों सुरक्षाबलों ने मुदस्सिर को मार गिराया था। दोनों फिदायीन आदिल अहमद डार के संपर्क में थे।14 फरवरी को जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने सीआरपीएफ के काफिले पर फिदायीन हमला किया था। इसमें 40 जवान शहीद होे गए थे। इसके बाद मोदी सरकार ने घाटी में आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सुरक्षाबलों को पूरी छूट दी थी। भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राइक कर जैश के कई ठिकाने तबाह किए थे। इस दौरान 300 से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने की बात कही गई थी।