(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : पिछले एक साल में दुनियाभर में परमाणु बमों के जखीरे में कमी आई है। हालांकि, चीन और पाकिस्तान ऐसे देशों में शुमार हैं, जिन्होंने इस दौरान अपने परमाणु जखीरे में इजाफा किया है। 2018 में जहां दुनिया में कुल 14,465 परमाणु हथियार थे, वहीं 2019 में यह संख्या घटकर 13,865 हो गई है। ब्रिटेन, रूस और अमेरिका ने अपने परमाणु हथियारों में ठीक-ठाक कमी की है। बात अगर भारत की करें तो उसके परमाणु हथियारों की संख्या में कोई इजाफा नहीं हुआ है। भारत के पास 130 से 140 परमाणु हथियार हैं। चीन और पाकिस्तान ने पिछले एक साल में परमाणु बम के अपने जखीरे को बढ़ाया है। 2018 में चीन के पास 280 परमाणु हथियार थे जो अब बढ़कर 290 हो गए हैं। इसी तरह पाकिस्तान ने भी इस दौरान 10 परमाणु हथियार बढ़ाए हैं। 2018 में उसके पास 140 से 150 परमाणु बम थे जो अब 150 से 160 हो गए हैं। इजरायल और उत्तर कोरिया ने भी पिछले एक साल में 10-10 परमाणु हथियार बढ़ाए हैं। दुनिया भर में अभी जो 13,865 परमाणु हथियार हैं, उनमें से 3,750 ऑपरेशन फोर्सेज में तैनात हैं। करीब 2,000 परमाणु हथियारों को हाई ऑपरेशनल अलर्ट की स्थिति में रखा गया है।