क्रिकेट में कई अजीबोगरीब घटनाएं देखने को मिलती हैं. हाल ही में फिर से ऐसा वाकया सामने आया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. एक मैच में एक ही खिलाड़ी ने दोनों टीमों की ओर से ना सिर्फ गेंदबाजी की बल्कि जमकर विकेट भी चटका डाले. ये सब देखने को मिला एक इंट्रा-स्क्वायड मुकाबले में, जिसमें स्टीव स्मिथ इलेवन और डेविड वॉर्नर इलेवन के बीच डारविन में मैच खेला जा रहा था. इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज जॉन हॉलैंड ने इन दोनों टीमों की ओर से गेंदबाजी की थी.
स्मिथ इलेवन और वॉर्नर इलेवन टीम के बीच था मुकाबला
ऑस्ट्रेलियाई टीम जल्द ही बांग्लादेश दौरे के लिए रवाना होने वाली है जहां वो दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी. इस सीरीज से पहले उन्होंने अपने घर में एक अभ्यास मैच का आयोजन किया, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ की स्मिथ इलेवन का मुकाबला डेविड वॉर्नर इलेवन टीम से था. डारविन में खेले गए इस तीन दिवसीय मुकाबले के अंतिम दिन स्टीव स्मिथ टीम की तरफ से गेंदबाजी करते हुए 30 वर्षीय स्पिनर जॉन हौलेंड ने कुल 11 गेंदें की जिसमें उन्होंने सिर्फ 1 रन देकर और 4 विकेट लिए.
दोनों टीमों की तरफ से करनी पड़ी गेंदबाजी
आपको बता दें कि ये एक इंट्रास्क्वायड मैच था. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा आयोजित इन मुकाबलों के नियम काफी अलग हैं. दरअसल, ऐसा इसलिए किया जाता है, ताकि ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा अभ्यास मिल सके. इस मुकाबले में जॉन हौलेंड मैच की शुरुआत में तो डेविड वॉर्नर इलेवन की तरफ से मैदान पर उतरे थे लेकिन जब वॉर्नर की टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो उनको स्टीव स्मिथ की टीम को सौंप दिया गया था. उन्होंने स्टीव स्मिथ की तरफ से चार विकेट लिए और बाद में जब स्मिथ की टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो वो वॉर्नर की टीम के लिए गेंदबाजी करने लगे और यहां पर भी उन्होंने एक अहम विकेट मार्कस स्टोइनिस के रूप में लिया.
बता दें कि जॉन हौलेंड ने 2 टेस्ट मैचों में ऑस्ट्रेलिया की ओर से 5 विकेट लिए हैं. वहीं प्रथम श्रेणी में उन्होंने 52 मैचों की 97 पारियों में 3.10 की इकॉनमी के साथ 164 विकेट झटके. बात अगर अंतर्राष्ट्रीय टी20 की करें तो 24 मैचों में इस गेंदबाज ने 15 विकेट लिए.