(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : फ्लोरिडा के जैक्सनविले एंटरटेनमेंट कॉम्प्लेक्स में रविवार रात हुई गोलीबारी में हमलावर समेत तीन लोगों की मौत हो गई। 11 जख्मी हो गए। घटना ऑनलाइन वीडियो गेम टूर्नामेंट के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि हमलावर टूर्नामेंट में हार गया था। इससे नाराज होकर उसने फायरिंग कर दी। पुलिस ने बताया, “हमलावर की पहचान 24 साल के डेविड कैट्ज के तौर पर हुई है। वह बाल्टिमोर का रहने वाला था।” बताया जा रहा है कि डेविड ने फायरिंग के बाद खुद को गोली मार ली। उसके शव के पास से बंदूक बरामद की गई। जैक्सनविले कॉम्प्लेक्स में कई गेम्स बार, 20 रेस्टारेंट और 70 स्टोर हैं। घटना जीएलएचएफ गेम बार में उस वक्त हुई जब एक टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाइंग राउंड चल रहा था। गेमिंग टूर्नामेंट कराने वाली कंपनी ईए स्पोर्ट्स ने कहा है कि वह जांच में अधिकारियों का सहयोग कर रही है। इस कंपनी के साथ दुनियाभर के 25 करोड़ से ज्यादा खिलाड़ी जुड़े हैं। मौके पर मौजूद 19 साल के ड्रिनी ग्जोका ने बताया कि गोली उसके अंगूठे में लगी। वह बाल-बाल बच गया। एक और चश्मदीद रेयान अलमोन ने बताया, “फायरिंग की आवाज सुनते ही मैं नीचे की तरफ झुक गया और रेस्टरूम की तरफ भागा। करीब 10 मिनट वहां रुका और फिर घटनास्थल से बाहर निकलने में कामयाब हुआ। मैं अभी भी सदमे में हूं।”