नई दिल्ली। भारत की नौसेना में शामिल होने वाली स्कॉर्पियन पनडुब्बी को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। स्कॉर्पियन से जुड़ा डाटा ऑस्ट्रेलिया में लीक हो गया है। पनडुब्बी से जुड़े करीब 22 हजार पेज का दस्तावेज सामने आने से नौसेना में खलबली मची हुई है।
भारत की संवेदनशील स्कॉर्पियन पनडुब्बी की लड़ाकू क्षमताओं से जुड़े दस्तावेजों के लीक होने की जानकारी ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने दी है। ऑस्ट्रेलियाई अखबार ‘द ऑस्ट्रेलियन’ के मुताबिक लीक हुए दस्तावेजों में कुल 22,400 पेज हैं।
इन दस्तावेजों में स्कॉर्पियन से जुड़ी तमाम खुफिया जानकारियां सार्वजनिक हो गई हैं। इसमें हथियारों के डिटेल, क्रू मेंबर्स और पनडुब्बी के रास्ते जैसी जानकारियां हैं। दरअसल, फ्रांस के सहयोग से मुंबई के मझगांव बंदरगाह पर 6 पनडुब्बियां तैयार की जा रही हैं। इन्हें अभी तक नौसेना में शामिल नहीं किया गया है। इस डाटा लीक से सरकार जल्द कोई सफाई दे सकती है।
वहीं रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने ऐलान किया है कि इसकी जांच नेवी चीफ करेंगे। उधर, कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि ये एक गंभीर मामला है। जिन्होंने दस्तावेज लीक किए हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।