(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : लोकसभा चुनाव के लिए आज चौथे चरण के लिए आज 9 राज्यों की 72 सीटों पर वोटिंग जारी है। आम लोगों के साथ ही कई सिलेब्रिटीज वोट डालने पहुंचे, जिनमें प्रियंका चोपड़ा, रेखा, कंगना रनौत, दीया मिर्जा, परेश रावल जैसे कई सितारे मतदान करने पहुंचे। वोट देकर बाहर आईं कंगना ने लोगों से मतदान करने के लिए प्रोत्साहित भी किया।पोलिंग बूथ पर मौजूद मीडिया को सम्बोधित करते हुए कंगना ने कहा, ‘यह दिन बेहद महत्वपूर्ण है और यह पांच साल में एक बार आता है, इस दिन का इस्तेमाल करना चाहिए। मुझे लगता है कि सही मायने में भारत अब आजाद हो रहा है, इससे पहले हम कभी मुगल, कभी ब्रिटिश तो कभी इटैलियन गवर्नमेंट के गुलाम थे, तो अपना स्वराज का हक है उसे आजमाइए और जरूर आज इसका उपयोग कीजिए।’ बता दें कि इससे पहले भी कंगना लोगों से वोट के लिए अपील कर चुकी हैं। उन्होंने वोट के लिए लोगों से अपील करते हुए कहा था, ‘वोटिंग बहुत महत्वपूर्ण है। हम सिर्फ शिकायतें करते रहते हैं, लेकिन कभी भी अपनी डिमांड नहीं बताते हैं। जो पॉलिटिशन हैं, वह कोई थिंकर, ऑथर या आर्टिस्ट नहीं हैं, वह सेवा करने वाले लोग हैं। हमें उनको बताना है कि हम चाहते क्या हैं। हमें वोट डालना चाहिए और देश को आगे बढ़ाने में सही रास्ता दिखाना चाहिए।’ कंगना रनौत इन दिनों अपनी रिलीज़ के लिए तैयार हो रही फिल्म ‘मेंटल है क्या’ की शूटिंग में व्यस्त चल रही हैं। इस फिल्म में उनके ऑपोजिट राजकुमार राव नजर आनेवाले हैं। यह फिल्म इसी साल 21 जून को रिलीज़ हो रही है।