कथित सेक्स सीडी पर बोले हार्दिक- मैं मर्द हूं, नपुंसक नहीं, जो करूंगा सीना ठोक कर करूंगा

अहमदाबाद.पाटीदार अनामत (आरक्षण) आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल का महिला के साथ कथित वीडियो वायरल हो रहा है। यू-ट्यूब पर अपलोड किए गए इस वीडियो में किसी होटल के रूम में हार्दिक एक महिला के साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही सियासत भी तेज हो गई है। वहीं, हार्दिक का इस वीडियो के बारे में कहना है कि यह नारी के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली बात है। बात साफ है कि गंदी राजनीति की शुरुआत हो गई है। गौरतलब है कि हार्दिक ने कुछ दिनों पहले ही किसी वीडियो वायरल होने का शक जताया था। बता दें कि गुजरात में 9 और 14 दिसंबर को असेंबली इलेक्शन के लिए वोटिंग होनी है। नतीजे हिमाचल प्रदेश के साथ 18 दिसंबर को आएंगे। यहां कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधा मुकाबला है। बीजेपी यहां 22 साल से सत्ता में है।

पाटीदार अनामत आंदोलन समिति (PASS) के नेता हार्दिक पटेल ने अपनी कथित सेक्स सीडी को गंदी राजनीति और विरोधियों का षड्यंत्र करार देते हुए कहा- ‘मैं मर्द हूं, नपुंसक नहीं, जो करना होगा सीना ठोक कर करूंगा।’

हार्दिक ने कहा, ‘जो सेक्स सीडी सामने आई है, वह फेक है। यह विडियो फर्जी है और बीजेपी की गंदी पॉलिटिक्स का हिस्सा है। बीजेपी ने मेरी निजी जिंदगी पर निशाना साधा है। बीजेपी में इस तरह का कारनामा करने वाले कई लोग हैं, अब मैं भी उनकी सीडी लेकर आऊंगा।’

हार्दिक ने कहा, “मैंने भी वायरल हुआ वीडियो देखा है। एक समय जब संजय जोशी गुजरात के कद्दावर नेता बन रहे थे, तब भी ऐसा ही हुआ था। मुझे पता है कि अब मेरा पुतला जलाया जाएगा। क्योंकि, ऐसे आदेश गुजरात भाजपा के मुख्य कार्यालय ‘कमलम’ से आए हैं।” “ये लोग सिर्फ महिला की जासूसी, हत्या करने जैसे ही काम करते हैं। सत्ता के लिए ये लोग महिलाओं का ही उपयोग करते हैं। अब नया मामला बनेगा और महिला को धमकी दी जाएगी। लेकिन, मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं लोगों और समाज के काम के लिए निकला हूं।”
Comments (0)
Add Comment