(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के विशेष कार्याधिकारी (OSD) प्रवीण कक्कड़ समेत अश्विन शर्मा और प्रतीक जोशी के ठिकानों पर आयकर विभाग के छापों में भारी मात्रा में नकदी, शराब व वन्यजीव ट्रॉफी समेत अन्य कीमती जीचें बरामद हुई हैं। इन लोगों के भोपाल और इंदौर में मौजूद ठिकानों पर सोमवार को भी आयकर विभाग की छापेमारी जारी रही। इससे पहले रविवार रात इनके ठिकानों पर मशीन लगाकर नोटों की गिनती की गई। मंगलवार को तीसरे दिन भी इनके ठिकानों पर आयकर की छापेमारी जारी है।आयकर टीम ने अश्विन शर्मा और प्रतीक जोशी के भोपाल के प्लेटिनम प्लाजा स्थिति फ्लैट में छह मशीनें लगाकर रविवार को पूरी रात नोटों की गिनती की थी। नोट गिनने वाली मशीनें बैकों से मंगवाई गईं थीं। सोमवार दोपहर बाद सीआरपीएफ जवान कड़ी सुरक्षा में बरामद रुपयों को पांच पेटियों में भरकर बैंक में जमा कराने ले गए। अनुमान लगाया जा रहा है कि इन लोगों के ठिकानों से आयकर विभाग को 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की नकदी बरामद हुई है। हालांकि, आयकर विभाग की तरफ से छापेमारी के बाद की गई बरामदगी की आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। हाईप्रोफाइल मामला होने की वजह से दिल्ली से आई आयकर इन्वेस्टीगेशन विंग इस मामले में पूरी गोपनीयता बरत रही है। यही वजह है मध्य प्रदेश आयकर में तैनात स्थानीय अधिकारियों को पूरी कार्रवाई से दूर रखा गया है। उनसे प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से कोई मदद नहीं ली जा रही है। आयकर अधिकारियों ने नकदी के अलावा इन लोगों के ठिकानों से काफी मात्रा में दस्तावेज भी जब्त किए हैं। दस्तावेजों को भी पेटियों में भरकर आयकर टीम जांच के लिए अपने साथ ले गई है। आयकर विभाग के खुफिया सूत्रों ने इन लोगों के पास करोड़ों रुपए का कालाधन होने की इतनी पुख्ता सूचना दी थी कि टीम को तड़के तीन बजे मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबियों के यहां छापा मारना पड़ा। आयकर विभाग की टीम अमूमन छापे की कार्रवाई सूर्योदय के बाद ही शुरू करती है। इस मामले में टीम को डर था कि यदि एक मिनट की भी देरी की गई तो ऑपरेशन विफल हो सकता है।