(न्यूज़ लाइव नाऊ) : फिल्म के प्रमोशन को लेकर शाहिद कपूर थोड़ा अलग सोचते हैं और अलग विचार रखते हैं। शाहिद कपूर का कहना है कि जब कोई कलाकार फिल्म के प्रमोशन में अपना पूरा दम-खम लगा दे तो समझ जाओ कि फिल्म अच्छी नहीं बनी है।
शाहिद कपूर ने मुंबई में हुए एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि जब कोई भी कलाकार आराम से शांति से बैठकर फिल्म का प्रमोशन करे तो समझ लिया करो कि फिल्म बहुत अच्छी बनी है। अन्यथा जब भी कोई कलाकार फिल्म के प्रमोशन में अधिक जोर लगाये तो समझ लो दाल में जरूर कुछ काला है। इस बारे में बताते हुए शाहिद कपूर कहते हैं, ‘जब फिल्म शूट होने के बाद कैसा शूट हुआ है यह जानना है तो किसी भी कलाकार के हावभाव को देखो। जैसे जब कलाकार फिल्म के प्रचार के लिए आएगा तो जब फिल्म अच्छी शूट हुई होगी उसके चेहरे पर एक शांत भाव होगा जबकि ऐसा न होने पर वह फिल्म के प्रमोशन में पूरी जान लगा देगा।’ गौरतलब है कि शाहिद कपूर फिल्म ‘पद्मावत’ में महारावल रतन सिंह की भूमिका निभा रहे हैं जो कि रानी पद्मावती के पति थे। इस फिल्म में रानी पद्मावती की भूमिका दीपिका पादुकोण ने निभाई है।
फिल्म ‘पद्मावत’ को सर्वोच्च न्यायालय ने सभी राज्यों को दिखाने का निर्देश दिया है। बता दें कि, संजय लीला भंसाली और अक्षय कुमार ने आज एक मंच पर एक साथ आ कर ऐलान किया कि 25 जनवरी को रिलीज़ होने वाली फिल्म पद्मावत अब उस दिन अकेले बॉक्स ऑफ़िस पर उतरेगी और पैड मैन की रिलीज़ को एक हफ़्ते आगे बढ़ा कर 9 फरवरी किया जा रहा है।