कश्मीर मुद्दे पर पूरी दुनिया को गुमराह कर रहा है पाकिस्तान

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नई दिल्ली। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दुनिया की आंखों में धूल झोंकने वाला पाकिस्तान कश्मीर के मुद्दे पर भी दूसरे देशों को गुमराह कर रहा है। सिंध से लेकर बलूचिस्तान तक पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने आम लोगों पर कहर बरपा रखा है, सरकार के खिलाफ किसी को आवाज उठाने की इजाजत तक नहीं है। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में लोगों की जिंदगी नरक बनी हुई है और पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में हालात खराब होने का रोना रो रहा है। मदद की उम्मीद में पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरेशी चीन गए हैं। वहां चीनी विदेश मंत्री के साथ उन्होंने कश्मीर का राग अलापा। कुरैशी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हालात तेजी से खराब हो रहे हैं। उन्होंने मानवाधिकारों के उल्लंघन का भी आरोप लगाया और भारत से अपनी कश्मीर नीति पर विचार करने को कहा। भारत और पाकिस्तान के बीच उस समय तनाव चरम पर पहुंच गया था, जब पाक समर्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हमला किया था, जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट में जैश के ठिकाने को हवाई हमले में तबाह कर दिया था। यही नहीं, पिछले तीन दशक से पाकिस्तान ने भारत में आतंकी गतिविधियां चला रखी है। यहां चीन सरकार के शीर्ष राजनयिक स्टेट काउंसलर एवं विदेशमंत्री वांग वी के साथ मीडिया से बातचीत में कुरैशी ने मुश्किल घड़ी में साथ देने के लिए चीन का आभार भी जताया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलवामा हमले के बाद भारत ने जम्मू-कश्मीर में मानवाधिकारों का उल्लंघन तेज कर दिया है। वांग ने कहा कि उनके देश का हमेशा से मानना है कि दक्षिण एशिया में शांति और स्थिरता क्षेत्रीय देशों के हित में है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी यही चाहता है। उन्होंने भारत के साथ तनाव कम करने के लिए पाकिस्तान की तरफ से उठाए गए कदमों की सराहना भी की। कुरैशी ने चीन एवं पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) को जल्द से जल्द पूरा करने में पूरी मदद का भरोसा दिलाया। सीपीईसी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की महत्वाकांक्षी बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (बीआरआई) का मुख्य प्रोजेक्ट है। अमेरिका और भारत समेत कई देश बीआरआई का विरोध करते हैं।

Comments (0)
Add Comment