कांग्रेस ने शांतिप्रिय हिंदुओं को आतंकवाद से जोड़कर उनका अपमान किया – प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री ने हिंदू आतंकवाद' शब्द गढ़ने के लिए भी कांग्रेस की आलोचना की। साथ ही उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार को घेरते हुए कहा कि वह भांप गए हैं कि हवा का रुख किस तरफ है।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस ने शांतिप्रिय हिंदुओं को आतंकवाद से जोड़कर उनका अपमान किया है। प्रधानमंत्री ने हिंदू आतंकवाद’ शब्द गढ़ने के लिए भी कांग्रेस की आलोचना की। साथ ही उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार को घेरते हुए कहा कि वह भांप गए हैं कि हवा का रुख किस तरफ है।एक रैली के जरिये महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना के लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस ने हिंदू आतंकवाद शब्द का इस्तेमाल करके देश के करोड़ों लोगों पर दाग लगाने की कोशिश की थी। आप ही बताइए, हिंदू आतंकवाद शब्द सुनकर आपको गहरी पीड़ा नहीं होती? हजारों साल के इतिहास में क्या एक भी ऐसी घटना है जिसमें हिंदू आतंकवाद में शामिल रहा हो।’प्रधानमंत्री ने लोगों से सवाल किया कि क्या वे कांग्रेस को इस पाप के लिए माफ कर देंगे? कांग्रेस जानती है कि जिन्हें वह आतंकवादी कह रही थी, वे अब जाग गए हैं। देश ने कांग्रेस को दंडित करने का फैसला कर लिया है इसीलिए कुछ नेता (राहुल के केरल की वायनाड सीट से लड़ने की ओर इशारा करते हुए) उन सीटों से चुनाव लड़ने से डर रहे हैं जहां बहुसंख्यक आबादी का प्रभुत्व है और अब वह उस सीट से लड़ने को मजबूर हैं जहां बहुसंख्यक आबादी अल्पसंख्यक है।

मोदी ने राकांपा नेता शरद पवार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक समय वह समझते थे कि वह प्रधानमंत्री बन सकते हैं। अब वह चुनाव लड़ने से परहेज कर रहे हैं क्योंकि वह समझ गए हैं कि हवा का रुख किस तरफ है। इस बार देश की जनता ने कई बड़े लोगों से मैदान छुड़वा दिया है। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि पारिवारिक कलह की वजह से राकांपा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है और पार्टी पर शरद पवार की पकड़ कमजोर हो रही है। उनके भतीजे (अजित पवार) ने ही उन्हें ‘हिट विकेट’ कर दिया है।पूर्व कृषि मंत्री पर उन्होंने किसानों की समस्याओं की अनदेखी और झूठे वादे करने का आरोप भी लगाया। मालूम हो कि वर्धा विदर्भ क्षेत्र की उन सात लोकसभा सीटों में शामिल है जहां पहले चरण में 11 अप्रैल को मतदान होना है।

Comments (0)
Add Comment