(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के साथ महाराष्ट्र के लातूर में जनसभा की। उन्होंने मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबियों पर पड़े छापे पर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के करीबियों के घर से बक्सों में भरे नोट बरामद हुए। इससे पता चलता है कि असली चोर कौन है? आज पहले चरण के चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। मोदी कर्नाटक और तमिलनाडु में भी रैली को संबोधित करेंगे। मोदी और ठाकरे 27 महीने बाद एक मंच पर दिखाई दिए। इससे पहले उन्होंने दिसंबर 2016 में मुंबई में अरब सागर के बीच शिवाजी महाराज के स्मारक की नींव रखी थी। लातूर में चुनाव मैदान में 10 उम्मीदवार हैं लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है। यहां 18 अप्रैल को मतदान होगा। प्रधानमंत्री ने कहा, “कांग्रेस में भ्रष्टाचार ही शिष्टाचार है। आपने देखा होगा कल-परसों कैसे कांग्रेस के करीबियों के घर से बक्सों में भरे हुए नोट मिल रहे हैं। नोट से वोट खरीदने का ये पाप इनकी राजनीतिक संस्कृति रही है। ये पिछले 6 महीने से बोल रहे हैं- चौकीदार चोर है, लेकिन नोट कहां से निकले। असली चोर कौन है?” मोदी ने कहा, “आपकी तपस्या को बेकार नहीं जाने दूंगा। विकास कर आपका ब्याज लौटाऊंगा। जो हुआ उसके लिए आपको यह चौकीदार याद आता है और जो होना चाहिए उसकी भी जिम्मेदारी मेरे ही हिस्से में है। इसी विस्तार को विश्वास देते हुए संकल्पित और सशक्त भारत रखने का संकल्प हमने देश के सामने रखा है। हम हर नागरिक की भागीदारी चाहते हैं। एक तरफ हमारी नीति और नीयत है। दूसरी तरफ हमारे विरोधियों का दोहरा रवैया है।” “आतंकियों के अड्डे में घुसकर मारेंगे। यह नए भारत की नीति है। आतंक को हराकर ही दम लेंगे यह हमारा संकल्प है। जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रवादियों के मन में हमने नया विश्वास जगाया है। अब कश्मीर में स्थिति सामान्य करने का हमारा संकल्प हम नतीजे सामने देख रहे हैं। हमारा संकल्प है कि सीमा पर हम घुसपैठ बंद करेंगे। नक्सलियों को रोकने और आदिवासियों का विकास करने में हमने दिन-रात मेहनत की है।” मोदी के मुताबिक- जो बात कांग्रेस का ढकोसला पत्र कह रहा है वही भाषा पाकिस्तान भी बोल रहा है। कांग्रेस का कहना है कि वे कश्मीर में अराजकता फैलाने वालों से बातचीत करेंगे। पाक भी तो यही कह रहा है ताकि भारत इन्हीं बातों में उलझा रहा है। कांग्रेस ने ऐलान किया है कि देश के टुकड़े करने की बात करने वालों को खुला लाइसेंस करेंगे, देशद्रोह का कानून खत्म करेंगे। पाक भी तो यही चाहता है कि भारत का विभाजन करने वाले अपना काम करें। कांग्रेस के ढकोसला पत्र की उम्र 23 मई तक है जबकि भाजपा के संकल्प पत्र की उम्र 5 साल है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “कांग्रेस अपने घोषणापत्र में हम धारा 370 नहीं हटाएंगे की बात करती है। कांग्रेस में अक्ल होती तो 1947 में देश नहीं बंटता और पाक पैदा ही नहीं होता। मैं कांग्रेस वालों से कहता हूं कि दर्पण में जाकर अपना मुंह देखो। आपको मानवाधिकार की बात करने का कोई हक नहीं है। आप कांग्रेस वालों ने बालासाहेब (बाल ठाकरे) का मतदान करने का अधिकार छीन लिया था।”