कांग्रेस सरकार राजस्थान के हिस्से का पानी पाकिस्तान को पिलाती रही – पीएम मोदी

उन्होंने राजस्थान में पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उत्तर गुजरात के पाटण और राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में जनसभाएं कीं। उन्होंने राजस्थान में पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। चित्तौड़गढ़ में जनसभा के दौरान मोदी ने कहा, सिंधु जल संधि के तहत हमारे हिस्से का पानी रोक लिया होता तो आज पानी की किल्लत नहीं होती।कांग्रेस यहां के लोगों से वोट लेती रही और राजस्थान के हिस्से का पानी पाकिस्तान को पिलाती रही है, आप प्यासे रहे।मोदी ने कहा, ”अब भाजपा सरकार ने पाकिस्तान की ओर बहने वाले पानी पर एक बांध योजना शुरू की है। आने वाले दिनों में आपके हिस्से का पानी आपको मिलेगा, पाकिस्ताान को नहीं।”

प्रधानमंत्री ने कहा- श्रीलंका में चर्च और होटलों में धमाके हुए। आज विश्व में इस्टर का पर्व मनाया जा रहा है। निर्दोष लोग चर्च में पूजा कर रहे थे, उसी समय आतंकवादियों ने उन्हें मार दिया। आतंकवाद कितना भयंकर है, हर दिन दुनिया में कहीं न कहीं खून बिखेर रहा है। भारत, श्रीलंका के साथ मजबूती के साथ खड़ा है। भारत हर मदद के लिए तैयार है। मोदी ने कहा कि जब आप कमल के निशान का बटन दबाएंगे, मन में तय करिएगा कि आतंकवाद को खत्म करने के लिए बटन दबा रहे हैं। आप बटन दबाओेगे, आतंकवाद के खिलाफ मुझे लड़ने की ताकत मिलेगी।इससे पहले पाटण में मोदी ने कहा, ”हमारी सरकार आने के बाद बम धमाके करने वाली गैंग जम्मू-कश्मीर तक ही सीमित रह गई। 26/11 मुंबई हमले के बाद देश चाहता था कि आतंकियों को करारा जवाब दिया जाए, लेकिन तब सरकार ने हिम्मत नहीं दिखाई। उरी और पुलवामा हमले के बाद हमने सेना को खुली छूट दी। आतंकियों को जवाब मिला। एयर स्ट्राइक हुई और खेल खत्म।”मोदी ने कहा, ”जब अभिनंदन को पाकिस्तान ने पकड़ लिया तो मैंने उनसे कहा कि अगर कुछ भी गलत हुआ तो हम छोड़ेंगे नहीं। आज हमने ऐसे मिसाइल बना ली है, जो अंतरिक्ष में भी मार कर सकती है। भारत आज दुनिया में चौथी महाशक्ति बन गया है। हम एक सशक्त और समृद्ध भारत बनाना चाहते हैं।”

मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, ”आपने (कांग्रेस) सालों तक सरकार चलाई। ये चायवाला 5 साल में अर्थव्यवस्था के मामले में देश को 11 से छठे नंबर पर लाया। वे कहते हैं कि मोदी विदेश घूम रहा है, लेकिन जी20 जैसी हर बैठक में भारत शामिल रहा।”गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटों के लिए तीसरे चरण में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इसके लिए आज चुनाव प्रचार थम जाएगा। मोदी गांधीनगर सीट के अंतर्गत आने वाले अहमदाबाद के रानिप इलाके में मतदान करेंगे। प्रधानमंत्री अब तक गुजरात के जूनागढ़, सोनगढ़, अमरेली, सुरेंद्रनगर और आणंद में रैलियां कर चुके हैं।सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी राजस्थान के उदयपुर और जोधपुर में जनसभा करेंगे। लोकसभा चुनावों की आचार संहिता लागू होने के बाद राजस्थान में उनका यह पहला चुनावी दौरा है। चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले मोदी ने फरवरी में टाेंक और चूरू में चुनावी सभाएं की थीं। राजस्थान में दो दिन में उनकी चार सभाएं होंगी। रविवार को चित्तौड़गढ़ और बाड़मेर में भी मोदी की रैलियां होंगी।

Comments (0)
Add Comment