(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : कार में लिफ्ट लेकर ब्लैक मेल करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसकी उम्र करीब 40 साल है। यह शहर के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने महिला को शुक्रवार को पकड़ा। आरोपी से पूछताछ चल रही है और पुलिस को अंदेशा है कि इससे पहले भी उसने कई लोगों को अपना शिकार बनाया होगा।पुलिस ने आग्रह किया है कि अगर किसी के साथ ऐसा हुआ हो तो वह थाना ढली पुलिस से बेहिचक संपर्क कर सकता है। महिला के खिलाफ थाना ढली में सात सिंतबर को एक व्यक्ति ने एफआईआर दर्ज करवाई थी।पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने कहा था कि जब वह कार में ढली टनल पहुंचा तो एक महिला ने उसे लिफ्ट मांगी और उसने मानवता के नाते लिफ्ट दे दी। ढली चौक पहुंचने पर महिला से कहा कि वह उतर जाए उसे कोटखाई जाना है लेकिन महिला ने तेवर बदल दिए और उससे कहा कि वह चुपचाप आईजीएमसी की ओर चले नहीं तो वह उस पर छेड़छाड़ का आरोप लगा देगी।महिला के तेवर देखकर वह घबरा गया और कार आईजीएमसी की ओर मोड़ दी। इस दौरान महिला ने कहा कि उसके पास जितने भी पैसे है उसे दे दें लेकिन उसके पास पैसे नहीं थे इस पर शातिर महिला ने उसका एटीएम लिया और उससे पिन पूछा।आईजीएमसी के पास कार रुकवाई और वहां एटीएम से पैसा निकालने चली गई लेकिन महिला एटीएम से पैसा नहीं निकाल पाई। इससे पहले की उसे कोई पकड़ पाता वह वहां से फरार हो गई। इसका चेहरा सीसीटीवी में कैद हो गया। शिकायत आने के बाद सीसीटीवी फुटेज में उसके चेहरे की पहचान पीड़ित से करवाई गई। इसके बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। कुछ दिन पहले ढली टनल पर ही एक पुलिस कर्मी से भी इस शातिर महिला ने लिफ्ट ली थी। उसे उस समय यह पता नहीं था कि यह व्यक्ति पुलिस में है। इसके साथ भी उसने यही तेवर दिखाने की कोशिश की लेकिन जैसे ही उसे पता चला उसके होश उड़ गए। आगे कार ट्रैफिक जाम में फंस गई और उसका फायदा उठाकर वह कार से फरार हो गई। इसने कितने लोगों को ब्लैक मेल कर ठगा है इसकी तफ्तीश पुलिस कर रही है। डीएसपी सिटी दिनेश शर्मा ने कहा कि महिला एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। इसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इसने कितने लोगों को ब्लैक मेल किया है इस बारे में अभी तफ्तीश चल रही है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।