केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने निभाया रामलीला में राजा जनक का किरदार।

हर्षवर्धन ने कहा मेरा बचपन लाल किला और चांदनी चौक की रामलीलाओं को देखते हुए बीता है, लेकिन रामलीला मंचन का यह अनुभव मुझे ताउम्र याद रहने के साथ-साथ हमेशा रोमांचित करेगा।’’

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : मोदी सरकार के मंत्री और दिल्ली के चांदनी चौक के सांसद डॉ. हर्षवर्धन शुक्रवार शाम लव-कुश रामलीला में राजा जनक की भूमिका में दिखे। उन्होंने इस किरदार में अपने कुछ फोटो ट्वीट किए। उन्होंने लिखा, ‘‘दिल्ली के लवकुश रामलीला कमेटी में माता सीता के पिता राजा जनक की भूमिका निभाने का सौभाग्य मिला। मेरा बचपन लाल किला और चांदनी चौक की रामलीलाओं को देखते हुए बीता है, लेकिन रामलीला मंचन का यह अनुभव मुझे ताउम्र याद रहने के साथ-साथ हमेशा रोमांचित करेगा।’’ हर्षवर्धन ने कहा, “भगवान श्रीराम हम सबके रोम-रोम में बसते हैं। श्रीराम इस देश के प्राण हैं। वे इस देश की आत्मा हैं। हमने अपने जीवन में यह हमेशा महसूस किया है, लेकिन व्यक्तिगत तौर पर आज मैंने भगवान श्रीराम को जितना नजदीक पाया वह मेरे लिए जीवन की बहुत बड़ी उपलब्धि है।” तमाम व्यस्तताओं के बीच इस नई भूमिका के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, “साथियों ने कहा था कि मुझे यह रोल करना है और मैंने कर दिया।” मनोज तिवारी निभाएंगे अंगद की भूमिका: इसी रामलीला के मंच पर आने वाले दिनों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी अंगद की भूमिका में दिखेंगे। इससे पहले दिल्ली से भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने अपने किरदार को लेकर ट्वीट किया था, “देश मे रामलीला महोत्सव धूम-धूमधाम से प्रारम्भ हो गया है। मैं लव-कुश रामलीला लाल किला के मंच पर महर्षि अत्रि की भूमिका में हूं। भगवान श्रीराम की लीला में भूमिका पाकर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। जय श्रीराम।’’

Comments (0)
Add Comment