(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : खराब मौसम के चलते नेपाल के सिमीकोट में तकरीबन 200 कैलाश मानसरोवर के तीर्थयात्री फंसे हुए हैं। नेपाल स्थित भारतीय दूतावास लगातार तीर्थयात्रियों के संपर्क में हैं।दूतावास की ओर बयान जारी कर कहा गया, ‘हम लगातार उनके और उनके परिवार के संपर्क में हैं। हालात काबू में हैं और मौसम साफ होते ही उन तीर्थयात्रियों को रवाना कर दिया जाएगा।’नेपाल में भारतीय दूतावास ने कहा, ‘सिमीकोट में तकरीबन 500 तीर्थयात्रियों को आराम से रखने के लिए बुनियादी आवास सुविधाएं हैं। शुरुआती चिकित्सा उपचार की भी सुविधाएं भी हैं। मौसम के अच्छे होने और उड़ानों के सामान्य संचालन के बाद फंसे लोगों को रवाना किया जाएगा।’बता दें कि इन दिनों नेपाल में भारी बारिश के चलते मौसम खराब है। खराब मौसम के कारण परिवहन सेवा और हवाई सेवा दोनों प्रभावित हो गई है। हालांकि विदेश मंत्रालय के साथ ही नेपाल में भारतीय दूतावास भी हालात पर नजर बनाए हुए है। गौरतलब है कि आठ जून से शुरू हुई कैलाश मानसरोवर यात्रा चार महीने तक चलेगी।