नई दिल्ली.भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज के तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच का दूसरा दिन एकबार फिर भारत के नाम रहा। इस दौरान मेजबान टीम ने अपनी पहली इनिंग 7 विकेट पर 536 रन बनाकर डिक्लेयर कर दी। जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने पहली इनिंग में 3 विकेट पर 131 रन बना लिए थे। स्टम्प्स तक एंजेलो मैथ्यूज (57) और दिनेश चांडीमल (25) क्रीज पर थे। भारत की ओर से पहली इनिंग में विराट कोहली ने 243, मुरली विजय ने 155 और रोहित शर्मा ने 65 रन बनाए थे।
पहली इनिंग में बैटिंग करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी नहीं रही और पहली ही बॉल पर एक विकेट गिर गया। मो. शमी ने दिमुथ करुणारत्ने को रिद्धिमान साहा के हाथों कैच करा दिया। थोड़ी देर बाद ही 5.1 ओवर में दूसरा विकेट भी गिर गया। जब इशांत शर्मा ने धनंजय डिसिल्वा को lbw कर दिया। तीसरा विकेट दिलरुवान परेरा (42) का रहा, जब 18.4 ओवर में रवींद्र जडेजा ने उन्हें lbw कर दिया। इस वक्त टीम का स्कोर 75 रन था।
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं थी और 78 रन पर ही दो विकेट गिर गए थे।इसके बाद तीसरे विकेट के लिए विराट कोहली और मुरली विजय के बीच 283 रन की पार्टनरशिप की। पांचवें विकेट के लिए विराट और रोहित ने मिलकर 135 रन जोड़े। भारत के आखिरी तीन विकेट 36 रन के अंदर गिरे। श्रीलंका की ओर से पहली इनिंग में लक्षण संदाकन ने 4 तो वहीं लाहिरू गमागे ने 2 और दिलरुवान परेरा ने 1 विकेट लिया।
भारत की पहली इनिंग के दौरान श्रीलंकाई प्लेयर्स ने पॉल्यूशन की वजह से कई बार सांस लेने में दिक्कत होने की शिकायत की और मैच को कई बार रुकवाया। श्रीलंकाई प्लेयर्स जहां मास्क लगाकर खेल रहे थे, वहीं इंडियन बैट्समैन, अंपायर्स और बाकी लोग बिना मास्क के मौजूद थे। बार-बार मैच रोके जाने से नाराज विराट ने इनिंग डिक्लेयर कर दी। मैच के पहले दिन स्टम्प्स तक भारत ने 4 विकेट पर 371 रन बनाए थे।
विराट ने गुस्से में डिक्लेयर की इनिंग
दिल्ली टेस्ट के दूसरे दिन भारत की पहली के दौरान श्रीलंकाई प्लेयर्स ने 4 बार खेल रुकवाया। उनकी शिकायत थी कि उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही है। दिलरुवान परेरा के 127वां ओवर करने के बाद लक्षण संदाकन ओवर करने आए। उस वक्त फील्ड पर श्रीलंका के केवल 10 प्लेयर्स थे।