एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, खराब विजिबिलिटी की वजह से इंदिरा गांधी इंटरनैशनल एयरपोर्ट (आईजीआई) से आठ इंटरनैशनल फ्लाइट्स लेट हुई हैं और तीन को डायवर्ट किया गया है। इसके अलावा पांच डोमेस्टिक फ्लाइट्स भी लेट हुई हैं। कोहरे के कारण 81 ट्रेनें लेट चल रही हैं, 21 के समय में तब्दीली की गई है और तीन ट्रेनें कैंसल कर दी गई हैं।
कोहरे की वजह से जो इंटरनैशनल फ्लाइट्स लेट हुई हैं उनमें बगदाद-दिल्ली वाया लंदन, अबू धाबी-दिल्ली, मस्कट-दिल्ली वाया जयपुर, दुबई-दिल्ली वाया जयपुर, कुवैत-दिल्ली, अदीस अबाबा-दिल्ली, फ्रैंकफर्ट-दिल्ली, बर्मिंघम-दिल्ली आदि प्रमुख हैं। जो डोमेस्टिक फ्लाइट्स लेट हुई हैं, उनमें हैदराबाद-दिल्ली, अहमदाबाद-दिल्ली, अमृतसर-दिल्ली, देहरादून-दिल्ली, जयपुर-दिल्ली, लखनऊ-दिल्ली, बेंगलुरु-दिल्ली, मुंबई-दिल्ली आदि प्रमुख हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में कोहरे से राहत नहीं मिलने वाली है। विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के कारण दिसंबर के दूसरे हफ्ते में घना कोहरा छाया रहेगा। माना जा रहा है कि 9 से 12 दिसंबर के बीच कोहरा काफी घना होगा। हालांकि, विभाग ने यह नहीं बताया है कि कोहरा कितना घना होगा।