(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) आईजीआई एयरपोर्ट पर खजूर से सोने की ‘गुठलियां’ निकली हैं। तस्करों ने सोने की तस्करी के लिए इस नायाब तरीके को इजाद किया है। कस्टम ने खाड़ी देशों से आए दो यात्रियों के पास से खजूर के पैकेट बरामद किए हैं। इनमें रखे खजूरों से पगुठलियां निकाल उसमें सोने के टुकडे़ डाले गए थे। इन मुसाफिरों के कब्जे से 600 ग्राम सोने की 59 गुठलियां बरामद की गई हैं। .
कस्टम के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार पहला मामला गुरुवार सुबह 9.30 बजे का है।उन्होंने बताया कि रियाद से आने वाली जेट एयरवेज की फ्लाइट नंबर 9डब्ल्यू-509 से आए एक मुसाफिर की बैगेज ट्राली में एक पैकेट रखा हुआ था।कस्टम अधिकारी ने जब पैकेट उठाया तो पैकेट में मौजूद खजूर के भार से वास्तविक भार अधिक लगा। जिसके बाद पैकेट खोला गया और अधिकारी ने एक खजूर को खोल कर देखा। खजूर के भीतर पीले रंग की गुठली देखकर कस्टम का शक पुख्ता हो गया। पैकेट में मौजूद 34 खजूर से सोने की गुठलियां बरामद की गईं। इसी तरह, बुधवार शाम करीब 6 बजे जेद्दा से आईजीआई एयरपोर्ट पहुंची फ्लाइट एसवी-758 से आए मुसाफिर के कब्जे से भी खजूर बरामद किए गए। इसके भीतर 25 सोने की गुठलियां निकाली गईं।