(एनएलएन मीडिया ) जयपुर। राजस्थान में अंधड़ और बारिश के कारण गर्मी के तेवर ढीले हुये है हालांकि मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटो तक प्रदेश के कई हिस्सो में अंधड़ और बारिश के बरकरार रहने की संभावना व्यक्त की है। राज्य में मंगलवार अपराह्न के बाद से कहीं से भी अंधड़ और बारिश की सूचना नहीं आयी है और प्रदेश में गर्मी के तीखे तेवरों में कमी आने से लोगों ने राहत की सांस ली है। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटो में प्रदेश के कई हिस्सों में 50 से 70 किलोमीटर की रफ्तार से अंधड़ के साथ बारिश आने की चेतावनी दी है।मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर से आ रही सतही हवाओं के कारण प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी भागों में कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके तहत जोधपुर, बीकानेर और कोटा संभाग में कहीं कहीं 50 से 70 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से तेज बारिश हो सकती है।
राजधानी जयपुर में बुधवार को आसमान साफ रहा और तापमान भी दो डिग्री गिरकर 37.6 रहा। प्रदेश के कई हिस्सो में भी तापमान में गिरावट आने से गर्मी से राहत मिली है। प्रदेश में माउंट आबू में रात का तापमान सबसे कम 19.2 डिग्री रिकार्ड किया गया।
प्रदेश में बुधवार सवेरे 12 बजे सर्वाधिक तापमान फलोदी में 43 डिग्री रहा। प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान गत दिनों की अपेक्षा कम रहा। प्रदेश के भीलवाडा में 37.8, वनस्थली 38.8, अलवर 39.4, जयपुर 37.6, पिलानी 39.4, कोटा 38.7, बूंदी 41.6, चुरू 38.6, बाडमेर 39.4, तथा जोधपुर में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।