गुजरात चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन से संघ में दिखी नाराजगी, हो सकता है पार्टी में बड़ा फेरबदल-सूत्र

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भगवा पार्टी की जीत के बाद दोनों पहली बार मिले। संघ से जुड़े सूत्रों ने बताया कि आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक से इतर माधव सेवा न्यास भवन में शुक्रवार शाम दोनों ने मुलाकात की।



गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ नाराज है। जानकारी के मुताबिक संघ बीजेपी के नेतृत्व में बदलाव करने का फैसला ले सकता है। बताया जा रहा है कि गुजरात चुनाव पर परिणाम पर संघ और बीजेपी के पदाधिकारियों की हुई बैठक में फैसला लिया गया कि पार्टी में सर्जरी की जरूरत है। इसके तहत पार्टी के कई पदाधिकारयों की जिम्मेदारी में बदलाव किया जा सकता है। यह भी चर्चा है कि बीजेपी में कुछ नए चेहरों को भी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

गौरतलब है गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी के खाते में 99 सीटें आई जबकि पिछले विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 115 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार ज्यादातर प्रत्याशियों के हार-जीत का अंतर भी काफी कम है। कांग्रेस ने अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए 80 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस ने चुनाव में 41.4 फीसदी वोट हासिल किए हैं।



इस बार कम सीटें जीतने के चलते गुजरात में बीजेपी के सामने राजनीतिक चुनौतियां भी पैदा हो गई हैं। पटेल समुदाय से आने वाले उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल और कोली समुदाय से आने वाले मंत्री पुरुषोत्तम सोलंकी अपने विभाग के लेकर नाराजगी जता चुके हैं। हालांकि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने इन दोनों नेताओं को मनचाहा विभाग देने का आश्वासन देकर शांत करा दिया है।

Comments (0)
Add Comment