(एनएलएन मिडिया -न्यूज़ लाइव नाउ) : हाल ही में मध्य प्रदेश के रहने वाले डब्बू अंकल का डांसिंग वीडियो इतना वायरल हुआ कि वो रातों-रात स्टार बन गए । अब उनके घर के बाहर फैंस की भीड़ लगने लगी है । एयरपोर्ट पर लोग उनका ऑटोग्राफ ले रहे हैं ।अभी तक डब्बू अंकल यानी संजीव श्रीवास्तव कॉलेज में प्रोफेसर की नौकरी कर गुजर-बसर कर रहे थे । लेकिन अब उनके डांस का वीडियो वायरल होने के बाद तो उनकी लॉटरी लग गई है । उन्हें एक बड़े ब्रांड की ऐड फिल्म में काम करने का ऑफर मिला है ।इसके अलावा अब खबर है कि वो सुनील शेट्टी के साथ किसी फिल्म में भी नजर आ सकते हैं । बता दें कि संजीव ने अपने साले की शादी में ‘आप के आ जाने से’ गाने पर डांस किया था । जब उनका ये डांस वायरल हुआ तो सुनील ने भी देखा और उन्हें अंकल का डांस बहुत पसंद आया । सुनील शेट्टी ने संजीव को मुंबई मिलने के लिए बुलाया । मुंबई आकर संजीव, सुनील शेट्टी से मिले । इस मुलाकात में क्या फाइनल हुअा इसके बारे में पता चल चुका है । उन्होंने बताया कि बजाज इंश्योरेंस कंपनी ने अपने ऐड के लिए साइन किया है। संजीव ने बजाज के लिए शूटिंग भी की है । इसके अलावा सुनील शेट्टी की कंपनी F the Couch ने भी उन्हें ऐड के लिए फाइनल किया है। जल्द ही संजीव टीवी पर डांस करते नजर आएंगे। संजीव ने सुनील शेट्टी और अक्षय कुमार की फिल्म ‘हेराफेरी 3’ के लिए भी ऑडिशन दिया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो संजीव दो बड़े स्टार के साथ सिल्वर स्क्रीन पर नजर आएंगे । जिस डांस को संजीव शौक के तौर पर करते थे, उसी ने उन्हें स्टार बना दिया है । संजीव पिछले 36 साल से डांस कर रहे हैं और अब जाकर उन्हें पहचान मिल पाई है ।