(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : बिलासपुर जिले के आनंद घाट के पास मंगलवार सुबह एक निजी बस खाई में गिर गई, जिसमें सवार 30 में से 18 लोगों को चोटें आई हैं। हादसा उस वक्त हुआ, जब यह बस झंडूता से बिलासपुर आ रही थी। बताया जाता है कि अचानक बस के अगला पहिया खुल गया और यह बेकाबू हो पलटियां खाती हुई खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी थी, वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।एसपी बिलासपुर अशोक शर्मा ने बताया कि उन्हें हादसे में कुछ लोगों के घायल हो जाने की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंची टीम को पता चला कि एक निजी बस झंडूता से बिलासपुर की तरफ आ रही थी। सुबह करीब साढ़े 8 बजे जब यह बस आनंद घाट के पास पहुंची तो अचानक अगला पहिया खुल गया। इसके चलते बस पलटियां खाती हुई करीब 15 फीट गहरी खाई में जा गिरी और वहां चीख-पुकार मच गई।हादसे का पता चलते ही आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू किया, वहीं सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताया जाता है कि बस में स्कूली बच्चों व आम दैनिक यात्रियों समेत कुल 30 लोग सवार थे। बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से इसमें सवार 18 लोगों को चोटें आई हैं। इन सभी को उपचार के लिए झंडूता अस्पताल ले जाया गया है।