चवाई: एक जुलाई को लगेगा जनमंच , क्षेत्रवासी करा सकेंगे अपनी शिकायतें दर्ज

कुल्लू:प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार एक जुलाई को आनी विधानसभा क्षेत्र के गांव चवाई में आयोजित किए जाने वाले ‘जनमंच’ कार्यक्रम में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक कदम उठाए हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से चवाई और इसके आस-पास की कई ग्राम पंचायतों की जनसमस्याओं का निवारण किया जाएगा। जनसमस्याओं के त्वरित निपटारे के लिए क्षेत्रवासियों से इस कार्यक्रम से पहले ही शिकायतें आमंत्रित कर दी गई हैं।
जिलाधीश यूनुस ने बताया कि क्षेत्रवासी अपने-अपने पंचायत कार्यालय में शिकायतें दर्ज करवा सकते हैं। इन शिकायतों को तुरंत ई-समाधान पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनके त्वरित निपटारे के आदेश दिए गए हैं। पहली जुलाई को जनमंच कार्यक्रम के दौरान ये अधिकारी अपने-अपने विभागों की अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
जिलाधीश ने बताया कि प्रदेश सरकार ने हर महीने के पहले रविवार को जिला के किसी एक विधानसभा क्षेत्र में जनमंच कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। जनमंच के दौरान उस क्षेत्र की 8-10 पंचायतों के लोगों की समस्याओं का निवारण किया जाएगा और कार्यक्रम से कई दिन पहले ही लोगों से शिकायतें आमंत्रित की जा रही हैं, ताकि जनमंच के दिन उन शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया जा सके। इन कार्यक्रमों में कर्मचारियों के स्थानांतरण, सरकारी नौकरी की मांग, अदालत में लंबित मामलों, नई स्कीमों की मांग और उदघाटनों से संबंधित मांगें स्वीकार नहीं की जाएंगी। जिलाधीश ने चवाई और इसकी आस-पास की पंचायतों के बाशिंदों से जनमंच कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की है।

Comments (0)
Add Comment