पटना : बहुचर्चित चारा घोटाला मामले में आज बड़ा फैसला आ सकता है। पहले दिन के फैसले का समय सुबह ग्यारह बजे तय था, लेकिन अब मिल रही जानकारी के मुताबिक अब फैसला दोपहर तीन बजे सुनाया जाएगा। रांची के सीबीआइ की स्पेशल कोर्ट आज देवघर कोषागार से अवैध निकासी के मामले में अहम फैसला सुनाने वाली है।
लालू कोर्ट के लिए निकले लेकिन जब उन्हें पता चला कि फैसला दोपहर तीन बजे आएगा उन्होंने कोर्ट में अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी और वापस गेस्ट हाउस वापस चले गए। लालू के साथ उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव भी उनके साथ हैं। अब लालू दोपहर तीन बजे से पहले कोर्ट के लिए निकलेंगे।
लालू ने कोर्ट जाने से पहले कहा-भाजपा को उखाड़ फेंकेगा लालू
आज सुबह साढ़े दस बजे के बाद जैसे ही लालू यादव रांची स्थित रेलवे के गेस्ट हाउस से कोर्ट के निकले, उन्हें पार्टी कार्यकर्ताओं ने घेर लिया। कोर्ट जाने से पहले लालू ने कहा कि फैसला जो भी आए सभी लोग संयम बरतें, मैं बिहार की जनता का आभारी हूं। उन्होंने कहा कि न्यायालय पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि फैसला जो भी आए हर आदमी लालू यादव बनकर बीजेपी के खिलाफ खड़ा होगा।
मेरे बाद तेजस्वी है ना, राजद और होगा मजबूत
लालू ने कहा कि जो भी फैसला आएगा लालू को मंजूर है, मेरे बाद मेरा बेटा तेजस्वी है ना, पूरा देश, पूरी जनता देख रही है कि मुझे और मेरे परिवार को किस तरह भाजपा परेशान करने की कोशिश हो रही है उसमें वो कामयाब नहीं होंगे। एक लालू को जेल भेजेंगे तो एक लाख लालू अब पैदा होगा, लालू ने गरीब जनता की लड़ाई लड़ी है और लड़ता रहेगा।
तेजस्वी ने कहा-मैंने बचपन से देखा है, लालू जी एक विचारधारा का नाम है
लालू के साथ उनके बड़े बेटे तेजस्वी भी कार में बैठकर कोर्ट जा रहे हैं। तेजस्वी ने कहा कि मैंने बचपन से देखा है कि मेरे पिता ने गरीबों के लिए किस कदर लड़ाई लड़ी है? मेरे पिता लालू यादव जी एक नाम नहीं, एक विचारधारा का नाम है।
मेरे पिता हमेशा ही मुसीबतों को झेलते रहे हैं, लेकिन उन्होंने कभी अपना कदम पीछे नहीं हटाया है। मैंने अपने पिता से सीखा है कि किस तरह मुसीबतों से लड़ना है। भाजपा जिस तरह से मेरे पिता और परिवार को तरह-तरह से परेशान किया जा रहा है वो जनता देख रही है।
फैसले पर है पूरे देश की नजर
इस बड़े फैसले पर पूरे देश की नजर टिकी हुई है। राजद के बड़े नेता और कार्यकर्ता धीरे-धीरे रांची के सीबीआइ की स्पेशल कोर्ट पहुंचने लगे हैं। फैसले के बाद राजद के बड़े नेता मीडिया से मुखातिब होंगे। कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
तेजप्रताप यादव ने पिता के लिए की पूजा अर्चना
लालू के साथ उनके छोटे बेटे तेजस्वी जहां रांची में हैं, तो वहीं बड़े बेटे तेजप्रताप यादव मां राबड़ी के पास पटना में हैं। तेजप्रताप ने सुबह पूजा-पाठ की और लालू के लिए दुआएं मांगीं। पटना में भी राजद के बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच गहमागहमी देखी जा रही है। हालांकि लालू आवास पर सन्नाटा छाया हुआ है। राबड़ी देवी टीवी पर पल-पल की खबर रख रही हैं।
पैतृक गांव में भी हो रही पूजा
मिली जानकारी के मुताबिक लालू यादव के पैतृक गांव गोपालगंज के फुलवरिया में भी उनके बरी होने के लिए पूजा-अर्चना की जा रही है। गांव के लोग भी लालू के लिए दुआ मांग रहे हैं और फैसले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
रांची पहुंचे लालू के समर्थक, कहा-हमारे नेता निर्दोष
रांची पहुंचे राजद के नेता और कार्यकर्ता फैसले का इंतजार कर रहे हैं। सबने एक सुर में कहा कि हमारे नेता निर्दोष हैं, उन्हें फंसाया गया है। हम चाहते हैं कि फैसला जल्द सुना दिया जाए और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जी पाक साफ निकलेंगे और हम सबको इसका इंतजार है। हमें न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है और फैसला हमारे नेता के पक्ष में ही होगा।
आज जाएगा फैसला, इंतजार जारी
950 करोड़ रुपये के चारा घोटाला मामले में रांची स्थित सीबीआइ की विशेष अदालत में शनिवार को फैसला सुनाने वाली है। अंतिम बहस 13 दिसंबर को पूरी कर ली गई थी। राजद प्रमुख लालू प्रसाद एवं पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र समेत कई नेताओं एवं अधिकारियों के लिए फैसले की घड़ी है। मामला देवघर कोषागार से अवैध निकासी से जुड़ा है। फैसले पर पूरे देश की निगाह है।
ऐसे ही एक मामले में झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव सजल चक्रवर्ती को पांच वर्ष कैद की सजा सुनाई जा चुकी है। फैसला इसलिए भी अहम होगा कि अदालत ने 23 दिसंबर को सभी आरोपियों को कोर्ट में मौजूद रहने का भी आदेश दिया है।
कोर्ट में मौजूद रहेंगे लालू
लालू शुक्रवार को ही रांची पहुंच गए। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी हैं। पिछले 21 सालों से चली आ रही सुनवाई की लंबी प्रक्रिया पर सुप्रीम कोर्ट ने इसी साल आठ मई को सख्ती बरतते हुए नौ महीने के भीतर ट्रायल पूरा कर लेने का आदेश दिया था, जिसके बाद हर सप्ताह सुनवाई होने लगी।
सीबीआइ का कहना है कि उसके पास इस बात के पर्याप्त सबूत हैं कि तत्कालीन मुख्यमंत्री को अवैध निकासी की पूरी जानकारी थी। कई मौकों पर उन्होंने वित्त विभाग के प्रभारी मंत्री के रूप में इन निकासियों की अनुमति दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए माना जा रहा है कि लालू को अधिकतम सात साल कैद की सजा सुनाई जा सकती है। तीन साल से कम की सजा पर लालू के लिए जमानत लेना आसान हो सकता है, लेकिन तीन साल से ज्यादा की सजा होने पर जमानत लेने में दिक्कत होगी।
सुप्रीम कोर्ट ने दिया था झटका
झारखंड हाईकोर्ट ने नवंबर 2014 में लालू को राहत देते हुए उनपर लगे घोटाले की साजिश रचने और ठगी के आरोप हटा दिए थे। फैसले में कहा गया था कि एक ही अपराध के लिए किसी व्यक्ति को दो बार सजा नहीं दी जा सकती।
इस फैसले को सीबीआइ ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड हाईकोर्ट के फैसले को पलटते हुए लालू पर आपराधिक केस चलाने की अनुमति दे दी थी। साथ ही नौ महीने के भीतर सुनवाई पूरी करने का आदेश भी दिया था।
इस मामले में होगा फैसला
पुलिस ने 1994 में संयुक्त बिहार के देवघर, गुमला, रांची, पटना, चाईबासा और लोहरदगा समेत कई कोषागारों से फर्जी बिलों के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध निकासी के मामले दर्ज किए। धड़ाधड़ गिरफ्तारियां होने लगी तो पटना हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया और जांच का काम सीबीआइ को सौंपा। तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद भी चपेट में आ गए।
देवघर कोषागार से निकासी मामले में लालू प्रसाद, जगन्नाथ मिश्र सहित 22 आरोपियों पर न्यायालय में ट्रायल चला है। कुल 34 आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल किया गया था, जिनमें से कई का निधन हो चुका है, जबकि दो आरोपी सरकारी गवाह बन गए हैं।
कौन-कौन आरोपी
लालू प्रसाद, डॉ जगन्नाथ मिश्र, पूर्व सांसद जगदीश शर्मा, पूर्व सांसद आरके राणा, पूर्व मंत्री विद्यासागर निषाद के साथ कई आइएएस एवं अन्य अधिकारी शामिल हैं।