चिट्टे के साथ 2 महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार, 378 ग्राम चिट्टा बरामद

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। शहर की स्मार्ट पुलिस नेे हेरोइन (चिट्टे) की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने मंगलवार देर शाम चिट्टा माफिया पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ओल्ड बस स्टैंड के इलाके से करीब 378 ग्राम चिट्टे के साथ दो महिलाओं समेत तीन लोगों को पकड़ा है। इनमें एक महिला डाउनडेल की रहने वाली है जबकि दो पति पत्नि पंजाब के रहने वाले हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लाखों में बताई जा रही है। चिट्टे को अब तक का सबसे महंगा नशा बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक मुखबिरों से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने डाउनडेल इलाके में एक मकान में दबिश देकर इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यह दोनों लोग यहां पर इस महिला के पास मेहमान बनकर आए थे। इसी दौरान मुखबिरों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। आशंका जताई जा रही है कि यह दोनों पंजाब से चिट्टा लेकर आए थे। इससे पहले भी इस इलाके में चिट्टे के कई मामले पुलिस पकड़ चुकी है। लेकिन यह अभी तक की सबसे बड़ी खेप पकड़ी हैं। एसपी ओमापति जमवाल ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ  पुलिस लगातार अभियान चला रही है। नशे के सौदागरों ने धीरे-धीरे युवाओं को अपने गिरफ्त में लेना शुरू कर दिया है। नशा तस्करी की सूचना देने वाले का पुलिस नाम गुप्त रखा जाएगा। उन्होंने लोगाें से चिट्टा माफियों के खिलाफ सहयोग करने की अपील की ताकि युवाओं को नशे से बचाया जा सके।

Comments (0)
Add Comment