(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। आए दिन भारतीय सीमा में चीनी सैनिकों की घुसपैठ की खबरें सामने आती रहती हैं। घुसपैठ की नई घटना लद्दाख में हुई है। चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी अपने दो हेलिकॉप्टर लेकर लद्दाख के ट्रिग हाइट्स में घुसी। ये घटना 27 सितंबर की बताई जा रही है। एएनआई सूत्रों के मुताबिक, दोनों हेलिकॉप्टर करीब 10 मिनट तक भारतीय सीमा में रहे। हालांकि, इसके बाद वे वापस अपनी सीमा में वापस लौट गए। बता दें कि कुछ दिन पहले अरुणाचल प्रदेश में चीनी सैनिकों की घुसपैठ सामने आई थी। चीनी सैनिक एलएसी क्रॉस कर अरुणाचल सेक्टर में दाखिल हो गए थे। हालांकि भारतीय जवानों के समझाने पर वे वापस अपनी सीमा पर लौट गए। ये घटना इसी महीने की है।गौरतलब है कि इससे पहले चीनी सैनिकों ने इसी साल अगस्त में उत्तरांचल के चमोली जिले में घुसपैठ की थी।बताया जा रहा है कि इस दौरान चीनी सैनिक सीमा से चार किलोमीटर अंदर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) की चौकी के करीब तक आ गए। जवानों के कड़े प्रतिरोध के बाद ये सैनिक वहां से लौटे, जबकि इससे पहले इस साल जुलाई में भी बाड़ाहोती इलाके में चीन के सैनिक एलएसी को पार कर भारतीय इलाके में घुसे थे।