चीफ जस्टिस ने नाराज चारों जजों से की मुलाकात।

चीफ जस्टिस ने अपनी तरफ से शांति प्रस्ताव की पहल की है।

(न्यूज़ लाइव नाऊ) नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट में जारी गतिरोध के बीच सुलह की कोशिशें भी लगातार की जा रही हैं। हमारे सहयोगी चैनल टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले चारों जजों से मुलाकात की। जस्टिस मिश्रा और बाकी सीनियर जजों के बीच यह मुलाकात लगभग 15 मिनट तक चली। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘चीफ जस्टिस ने संवादहीनता दूर करने की एक कोशिश की। इसके तहत उन्होंने चारों नाराज जजों से मुलाकात कर उनसे 15 मिनट तक चर्चा की।’ सूत्रों के हवाले से ऐसी खबर है कि चीफ जस्टिस ने अपनी तरफ से शांति प्रस्ताव की पहल की है। बता दें कि जस्टिस जे. चेलामेश्वर, जस्टिस रंजन गोगोई, जस्टिस एम.बी. लोकुर और जस्टिस कुरियन जोसेफ ने चीफ जस्टिस पर रोस्टर तैयार करने में भेदभाव का आरोप लगाया था।इससे पहले सोमवार को भी जजों के बीत मतभेद खत्म होने के दावे किए गए थे। चारों जज सोमवार को काम पर लौट गए थे। सुप्रीम कोर्ट के सभी जजों ने रूटीन तौर पर चाय पर मुलाकात भी की थी। बाद में ऐसी खबरें आईं कि जजों के बीच चाय पर चर्चा के दौरान तीखी बातचीत हुई। इसके बाद अटार्नी जनरल के के वेणुगोपाल ने भी माना था कि सुप्रीम कोर्ट जजों का विवाद अभी नहीं सुलझा है। एजी के दावों के उलट बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन मनन मिश्रा का कहना है कि कोई विवाद नहीं है और सब कुछ ठीक चल रहा है। अब चीफ जस्टिस की चारों जजों से मुलाकात के बाद घटनाक्रम आगे क्या मोड़ लेता है, यह देखना होगा। बता दें कि चीफ जस्टिस की अध्यक्षता में तैयार संविधान पीठ में चारों वरिष्ठ जज को शामिल नहीं किया गया है।

Comments (0)
Add Comment