(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि जनऔषधि योजना की वजह से आमजन को करीब एक हजार करोड़ रुपए की बचत हुई है। इस योजना के तहत 50 से 90 फीसद कम दामों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध हैं। इसका प्रचार भी नहीं किया गया है और यह अभी शुरुआत भर है।वह प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना के लाभार्थियों और जनऔषधि स्टोर मालिकों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि सस्ती कीमतों पर अच्छी गुणवत्ता की दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने दो बड़े कदम उठाए हैं।पहला, 850 आवश्यक दवाइयों के दाम नियमित किए गए हैं और हार्ट स्टेंट व घुटनों की सर्जरी के उपकरणों के दाम घटाए गए हैं।दूसरा, देशभर में जनऔषधि केंद्रों की स्थापना की गई है। इन कदमों से न सिर्फ गरीबों को बल्कि मध्यम वर्ग को भी बड़ा लाभ हुआ है। प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षो में करीब 5,000 जनऔषधि केंद्र खोले गए हैं।